राजनांदगांव। लालबाग थाना क्षेत्र अंतर्गत राज इंपीरियल होटल के पास रविवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए। हादसे में गंभीर रूप से घायल एक युवक की पेंड्री स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
मृतक की पहचान खंडेलवाल कॉलोनी, कौरिनभाठा निवासी विक्रम राजपूत के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विक्रम स्वास्थ्य विभाग में कर्मचारी होने के साथ फुटबॉल खिलाड़ी भी था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विक्रम राजपूत अपने दो अन्य साथियों के साथ राज इंपीरियल होटल के पास सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक घायल हो गए।
आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए पेंड्री स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान विक्रम राजपूत ने दम तोड़ दिया। हादसे में घायल दो अन्य युवकों का उपचार जारी है।
सड़क निर्माण के बीच अंधेरा बना परेशानी
घटना के बाद क्षेत्र में चल रहे सड़क निर्माण कार्य और रात के समय पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं होने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार निर्माणाधीन सड़क पर रात में अंधेरा रहने से वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे स्थानों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, संकेतक और सुरक्षा इंतजाम नहीं होने से हादसे का खतरा बढ़ गया है।
पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। हादसे में शामिल अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है।








