राजनांदगांव: सोशल मीडिया पर अश्लील वीडियो अपलोड करने वाला आरोपी गिरफ्तार

राजनांदगांव। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर महिला एवं बच्चों से संबंधित अश्लील वीडियो अपलोड करने वाले आरोपी को थाना सोमनी पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अधीन एनसीआरबी, नई दिल्ली द्वारा संचालित सीसीपीडब्ल्यू योजना के तहत प्राप्त साइबर टिप लाइन की सूचना के आधार पर की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी तीर्थराज पाण्डे द्वारा फेसबुक के माध्यम से अश्लील वीडियो अपलोड किया गया था। इस मामले में थाना सोमनी में अपराध क्रमांक 106/2024, धारा 67(बी) आईटी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था। प्रकरण दर्ज होने के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था, जिसकी लगातार तलाश की जा रही थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरो के पर्यवेक्षण में तकनीकी साधनों का उपयोग करते हुए आरोपी का पता लगाया गया।

पुलिस द्वारा आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध करना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन एवं सिम कार्ड जप्त कर लिए गए हैं। आरोपी तीर्थराज पाण्डे, पिता विश्वनाथ पाण्डे, उम्र 43 वर्ष, निवासी ग्राम लखनपुर, थाना व पोस्ट सांगीपुर, तहसील लालगंज अझारा, जिला प्रतापगढ़ (उत्तरप्रदेश) को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया है।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें और किसी भी आपत्तिजनक या गैरकानूनी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या साइबर पोर्टल पर दें।

Hot Topics

Related Articles