रेत माफियाओं पर तगड़ा प्रहार! पुलिस-खनिज विभाग की संयुक्त रेड, बिना कागज के भंडारण पर दर्ज हुए प्रकरण

मुंगेली(संदीप यादव)।जिले में रेत माफियाओं के खिलाफ जिला प्रशासन ने मोर्चा खोल दिया है। कलेक्टर *कुन्दन कुमार* के सख्त निर्देशों के बाद पुलिस और खनिज विभाग की टीम ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए अवैध रेत भंडारण के बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है।

*सरगांव क्षेत्र में हुई बड़ी रेड*

खनिज अधिकारी के मार्गदर्शन में गठित संयुक्त टीम ने मंगलवार को तहसील सरगांव के *ग्राम भाखुरीडीह, सल्फा और पेंड्री* में एक साथ दबिश दी। निरीक्षण के दौरान टीम को खुले मैदानों और खाली प्लाटों में बिना किसी वैध दस्तावेज के बड़े पैमाने पर रेत का अवैध भंडारण मिला।

मौके पर न तो रॉयल्टी पर्ची थी, न परिवहन के कागज। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अवैध रेत को जब्त कर सुपुर्दगी में दे दिया।

*कड़ी कार्रवाई शुरू*

खनिज विभाग ने पकड़े गए रेत भंडारों के मालिकों के खिलाफ *छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015* के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। अब उनसे जुर्माना वसूली और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी।


कलेक्टर कुन्दन कुमार ने कहा कि _”जिले में अवैध खनन और भंडारण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे लोगों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आगे भी कड़ी कार्रवाई होगी।”_


*आम जनता से अपील*

प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें कहीं भी अवैध रेत उत्खन, परिवहन या भंडारण की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस या खनिज विभाग को सूचना दें। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।

अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि जिले की खनिज संपदा को बचाया जा सके और राजस्व का नुकसान रोका जा सके।

Hot Topics

Related Articles