रेत में दबी मिली युवती की लाश की हुई पहचान, प्रेम संबंध में हत्या की आशंका, प्रेमी समेत 4 हिरासत में

महासमुंद। जिले के खल्लारी थाना क्षेत्र में नाले किनारे रेत में दबी मिली युवती की लाश की पहचान हो गई है। मृतका की पहचान ग्राम झारा निवासी 18 वर्षीय भारती टंडन के रूप में हुई है। मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है, वहीं परिजन पूरे मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

महासमुंद जिले के खल्लारी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम झारा-रामखेड़ा मार्ग स्थित नाला के पास 22 जून को रेत में दबी अवस्था में एक युवती का शव मिला था। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर जांच शुरू की। युवती के सिर पर करीब 6 इंच लंबा और गहरा घाव मिला है। जिससे उसके सिर की खोपड़ी टूट गई। 19 जून को उसने अपना 18वां जन्मदिन मनाया था।

मौके पर शव का कुछ हिस्सा रेत से बाहर दिखाई दे रहा था, जबकि शरीर का अधिकांश हिस्सा रेत के अंदर दबा हुआ था। घटनास्थल से एक लेडीज चप्पल भी बरामद होने की जानकारी सामने आई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की।

जांच के दौरान मृतका की पहचान ग्राम झारा निवासी भारती टंडन पिता श्यामलाल टंडन के रूप में हुई। परिजनों के मुताबिक भारती के लापता होने की शिकायत 19 जून को खल्लारी थाना में दर्ज कराई गई थी।

हत्या की आशंका

परिजनों ने बताया कि 18 जून को भारती ग्राम रामखेड़ा निवासी पुष्पेंद्र सेन के यहां गई थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आ रही है। पुलिस ने प्रेमी समेत 4 युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। मामला प्रेम प्रसंग और कुकर्म के बाद हत्या से जुड़े होने की आशंका है। घटना खल्लारी थाना क्षेत्र के झारा गांव की है।

पुलिस इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच कर रही है। वहीं परिजन युवती की मौत के कारणों का जल्द खुलासा करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, भारती टंडन ने 11वीं पास कर 12वीं क्लास में एडमिशन लिया था। वह तीन बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी थी। परिवार का कहना है कि, 19 जून को उसने अपना जन्मदिन मना। उसी रात करीब 3 बजे वह अचानक घर से लापता हो गई।

बताया जा रहा है कि भारती का एक युवक से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। आशंका जताई गई है कि जन्मदिन पर वह देर रात उस युवक से मिलने घर से निकली होगी। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी।

युवती के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने 20 जून को रिश्तेदारों, परिचितों और संभावित स्थानों पर उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बावजूद कोई सुराग नहीं मिला। जिसके बाद परिजनों ने खल्लारी थाने पहुंचकर भारती की गुमशुदगी दर्ज कराई।

Hot Topics

Related Articles