लोरमी:छिरहुट्टि में जल जीवन मिशन की हकीकत, बोर्ड जर्जर-जंग खाया, योजना अधर में

संदीप यादव लोरमी/मुंगेली । शासन की महत्वाकांक्षी योजना जल जीवन मिशन की जमीनी हकीकत लोरमी विकासखंड में कुछ और ही बयां कर रही है। ग्राम पंचायत छिरहुट्टि में लगे योजना के सूचना बोर्ड की हालत देखकर ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि योजना कितनी गंभीरता से चल रही है।

बोर्ड पूरी तरह से जंग खाया और उखड़ा हुआ है। इस पर लिखी जानकारी भी धुंधली हो चुकी है। बोर्ड पर अंकित जानकारी के अनुसार गांव में एकल ग्राम नल जल प्रदाय योजना के तहत काम होना था। जिसकी लागत लगभग 98 लाख रुपए बताई गई है। योजना के तहत 50 किलो लीटर क्षमता की 12 मीटर ऊंची पानी टंकी, बाउंड्रीवाल और 240 घरों में नल कनेक्शन देना था।

अनुबंध क्रमांक 260/DL/2022-23 के तहत इस काम को 09 माह में पूरा करना था, लेकिन दो साल से ज्यादा बीत जाने के बाद भी बोर्ड की जर्जर हालत कई सवाल खड़े कर रही है। ग्रामीणों का कहना है कि योजना का लाभ आज भी घर-घर तक नहीं पहुंच पाया है।

गुणवत्ता पर सवाल

बोर्ड के जंग खा जाने और उखड़ जाने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल उठ रहे हैं। करोड़ों की योजना का सूचना बोर्ड ही अगर कुछ महीनों में जर्जर हो गया तो टंकी और पाइपलाइन की स्थिति क्या होगी, इसका अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से योजना की जांच कराकर जल्द से जल्द गांव में सुचारू रूप से पानी सप्लाई शुरू करने की मांग की है।

Hot Topics

Related Articles