संदीप यादव मुंगेली/लोरमी। नगर पालिका परिषद लोरमी के द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े के पांचवें दिन रविवार को मुंगेली रोड स्थित वार्ड क्रमांक 12 के कोतरी नाला में नागरिकों की सहभागिता से विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में नगरवासियों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाते हुए नाला एवं उसके आसपास के क्षेत्र की सफाई की और स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।
स्वच्छता अभियान में श्री महामाया मंदिर समिति कुंदरापारा, ऑटो पार्ट्स मिस्त्री यूनियन संघ और शिक्षक संघ के सदस्यों की प्रमुख सहभागिता रही। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष सुजीत वर्मा ने कहा कि नदी-नालों की स्वच्छता केवल नगर पालिका की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी नागरिकों से नालों में कचरा नहीं डालने तथा जल संरक्षण को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की।
जिला भाजपा उपाध्यक्ष दिनेश साहू ने नगर पालिका द्वारा चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छ और सुंदर नगर के निर्माण के लिए नागरिक सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं नागरिक समितियों से स्वच्छता अभियान से निरंतर जुड़ने का आह्वान किया।
अभियान के अंत में वार्ड पार्षद धनंजय दुबे ने अभियान में सहभागी सभी सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, नागरिकों और नगर पालिका कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। नगर पालिका परिषद लोरमी द्वारा सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से स्वच्छता, जनभागीदारी एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को बढ़ावा देते हुए नगर के विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर स्वच्छता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष सुजीत वर्मा, वार्ड पार्षद धनंजय दुबे, सभापति राजेंद्र सलूजा, सोहन डड़सेना, जिला भाजपा उपाध्यक्ष दिनेश साहू, विक्रम सिंह ठाकुर, एल्डरमैन अमिताभ तिवारी, मिट्टू अग्रवाल, विनोद राजपूत, अशोक साहू, चुरगी-चौपड़ा प्रकोष्ठ के कमलेश श्रीवास, अर्जुन राजपूत, जुगनू साहू, मोटू राजपूत, नगर पालिका सीएमओ चंदन शर्मा, श्रवण ध्रुव, तिलक बिंझवार सहित नगर पालिका के कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में कुंदरापारा के नागरिक उपस्थित रहे।








