लोरमी: मानस मंच में बुजुर्गों का भव्य सम्मान, डिप्टी सीएम अरुण साव ने पखारे सियान-सियानिन के चरण ‘आशीर्वाद का दीप’ का हुआ शुभारंभ, कलेक्टर ने कहा – जनभागीदारी से ही सफल होगा सेवा संकल्प

संदीप यादव लोरमी, मुंगेली। लोरमी के मानस मंच परिसर में शनिवार को अनोखा दृश्य देखने को मिला। ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत आयोजित स्नेह, सेवा और सम्मान समारोह में करीब दो हजार पेंशनधारी बुजुर्गों को एक साथ सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने मंच पर ही बुजुर्गों के चरण धोकर आशीर्वाद लिया। उन्होंने फूल-माला पहनाकर सियान-सियानिन का स्वागत किया। उनकी इस सादगी को देखकर मौजूद लोगों ने जमकर सराहना की।

दीप जलाकर हुई ‘आशीर्वाद का दीप’ की शुरुआत

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान विश्वकर्मा, भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र के सामने दीप प्रज्ज्वलन और हवन-पूजन से हुई। इस दौरान हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ भी किया गया।

उपमुख्यमंत्री साव ने ‘आशीर्वाद का दीप’ अभियान का शुभारंभ करते हुए कहा कि यह सिर्फ दिया जलाने का कार्यक्रम नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 साल के सार्वजनिक सेवा जीवन के उपलक्ष्य में यह दीप सेवा, आभार और बुजुर्गों के आशीर्वाद का प्रतीक है।

उन्होंने भगवान विश्वकर्मा जयंती की बधाई देते हुए प्रदेश की सुख-शांति और समृद्धि की कामना भी की।

साव बोले – बुजुर्ग ही समाज की असली पूंजी हैं

सभा को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम साव ने कहा कि आज लोरमी में दो हजार बुजुर्ग एक साथ आशीर्वाद देने पहुंचे हैं, यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है। हमारे सियान-सियानिन ही समाज और देश की धरोहर हैं, यही हमारे अनुभव और गौरव के प्रतीक हैं।

उन्होंने कहा कि जिस घर-परिवार में बड़ों का सम्मान होता है, वहां संस्कार अपने आप बनते हैं। युवाओं को बुजुर्गों के अनुभव से सीखना चाहिए।

साव ने कहा कि केंद्र सरकार प्रधानमंत्री आवास, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत, किसान सम्मान निधि और खाद्यान्न योजना जैसी योजनाओं के जरिए गांव, गरीब और किसान के लिए लगातार काम कर रही है। लोरमी में भी विकास कार्यों में तेजी आई है।

कलेक्टर ने की जनभागीदारी की अपील

कलेक्टर अमृत विकास टोपनो ने कहा कि कोई भी अभियान तब तक बड़ा नहीं बनता जब तक उसमें आम लोगों की भागीदारी न हो। सेवा संकल्प अभियान के तहत गांव से लेकर जिला स्तर तक लगातार कार्यक्रम किए जा रहे हैं, इसमें सभी जिलेवासियों को सक्रिय रूप से जुड़ना चाहिए।

कार्यक्रम में गुरमीत सलूजा ने भी भगवान विश्वकर्मा जयंती और पीएम मोदी के जन्मदिवस पर शुभकामनाएं दीं।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में एसएसपी भोजराम पटेल, जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, जनपद पंचायत लोरमी अध्यक्ष वर्षा विक्रम सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष सुजीत वर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, सामाजिक संगठनों के लोग और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे ।

Hot Topics

Related Articles