वंदे मातरम् के साथ उतरा जनसैलाब, बिलासपुर में निकाली भव्य तिरंगा यात्रा, तोखन साहू ने दिखाई हरी झंडी

बिलासपुर(कमलकांत पाटनवार):– वंदे मारतम् के सामूहिक गायन के साथ स्वतंत्रता दौड़ और तिरंगा यात्रा का नेहरू चौक से आगाज हुआ। शुक्रवार सुबह केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नेहरू चौक से शुरू हुई यात्रा में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और युवाओं ने हाथों में तिरंगा थामकर देशभक्ति के नारे लगाते हुए पंडित देवकी नंदन दीक्षित सभाभवन में पहुंचे। प्रशासन और खेल विभाग के संयुक्त आयोजन में शहर के मुख्य मार्गों देवकीनंदन चौक, कम्पनी गार्डन, राघवेन्द्र राव सभा भवन, सदर बाजार और गोल बाजार से होकर गुजरी तिरंगा यात्रा ने लोगों में देशभक्ति की लहर पैदा कर दी। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और कलेक्टर संजय अग्रवाल ने दौड़ में शामिल होकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। यात्रा के समापन पर देवकीनंदन दीक्षित सभागार परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ, जहां देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण रखने की शपथ ली गई। कार्यक्रम के दौरान जनसमूह ने उन वीर शहीदों को याद किया,जिन्होंने देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।

टीबी और नशे के विरुद्ध जागरूकता

माय भारत संगठन से जुड़े गुरु घासीदास विश्वविद्यालय के एनएसएस स्वयंसेवकों ने नाटक के जरिए सामाजिक संदेश दिया। नुक्कड़ नाटक में टीबी की समय पर जांच और नशे से होने वाले शारीरिक व मानसिक नुकसान का मार्मिक चित्रण किया गय। विद्यार्थियों ने युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशा मुक्त समाज बनाने के लिए प्रेरित किया।

विभाजन विभीषिका का दर्द याद कर नम हुईं आंखें

कार्यक्रम में भारत विभाजन के दौरान लाखों लोगों द्वारा झेली गई पीड़ा को प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी के माध्यम से विस्थापन और संघर्ष के उन पलों को याद किया गया, जिसने देश को अपनों से दूर किया। वक्ताओं ने कहा कि यह दिन उन लोगों के बलिदान को नमन करने का है जिन्होंने विभाजन की त्रासदी में अपना सब कुछ खो दिया था।

तंत्रता दौड़ आयोजन हमारी नई पीढ़ी को देश के वीर सपूतों के त्याग और बलिदान से सीधे जोड़ते हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए हम सभी को अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी पूरी निष्ठा से पालन करना अनिवार्य है। तोखन साहू, केंद्रीय राज्य मंत्री

देश की आजादी हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के वर्षों के संघर्ष का परिणाम है। विभाजन की विभीषिका हमें देश की एकता और अखंडता का महत्व सिखाती है। हमें अपने गौरवशाली इतिहास से प्रेरणा लेकर जिले के विकास और विकसित भारत के निर्माण में अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए। संजय अग्रवाल, कलेक्टर बिलासपुर

Hot Topics

Related Articles