बालोद/चिखलाकसा:- नगर पंचायत चिखलाकसा के वार्ड क्रमांक 13 में लगे साइन बोर्ड से लोहे का एंगल लटकने की जानकारी मिलने पर नगर पंचायत उपाध्यक्ष राजू रावटे ने तत्काल संज्ञान लिया। जानकारी के अनुसार, 13 अगस्त की रात्रि करीब 12 बजे उपाध्यक्ष राजू रावटे को मामले की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही उन्होंने भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हितेश कुमार डोंगरे, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा जिला मंत्री आलोक जैन एवं भाजपा युवा मोर्चा महामंत्री प्रवीण सेन के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए 14 अगस्त को लटक रहे लोहे के एंगल को तत्काल कटवाकर हटवाया गया, ताकि आने-जाने वाले आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी या दुर्घटना का सामना न करना पड़े। इस दौरान भाजपा झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हितेश कुमार डोंगरे, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा जिला मंत्री आलोक जैन, नगर पंचायत चिखलाकसा के एल्डरमैन ब्रिजमणि यादव एवं भाजपा युवा मोर्चा महामंत्री प्रवीण सेन उपस्थित रहे। स्थानीय लोगों ने त्वरित संज्ञान लेकर लटक रहे लोहे को हटवाने की कार्रवाई के लिए नगर पंचायत चिखलाकसा के नगरवासियों ने नगर पंचायत उपाध्यक्ष राजू रावटे का आभार व्यक्त किया।












