जियाउल खान ,अंबिकापुर /सरगुजा ।ऑनलाइन मूल्यांकन प्रणाली शुरू, भवन निर्माण, सड़क, सुरक्षा और नए पाठ्यक्रमों के लिए शासन स्तर पर सहयोग का मिला आश्वासन
संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय के कुलपति ने 29 जुलाई को सरगुजा महाराजा एवं छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव से सौजन्य भेंट कर विश्वविद्यालय के विकास कार्यों तथा भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) द्वारा चलाए जा रहे क्रमिक भूख हड़ताल के संबंध में विस्तार से चर्चा की। इस दौरान छात्र हित और विश्वविद्यालय के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श हुआ।
कुलपति ने बताया कि विद्यार्थियों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय ने परीक्षा शुल्क एवं अन्य शुल्क में आंशिक कमी की है। साथ ही विश्वविद्यालय में शैक्षणिक पदों पर हुई भर्ती प्रक्रिया छत्तीसगढ़ शासन के आरक्षण नियमों एवं रोस्टर के अनुरूप संपन्न की गई है। उन्होंने कहा कि आयुक्त, सरगुजा संभाग की जांच में भी भर्ती प्रक्रिया को नियमसम्मत पाया गया है।
बैठक में विश्वविद्यालय की नई वेबसाइट शुरू करने, भकुरा परिसर में अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाने, नियमित पुलिस पेट्रोलिंग और पुलिस चौकी की स्थापना के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी गई। इसके अलावा अधूरे भवनों का निर्माण पूर्ण कराने, अंबिकापुर शहर से विश्वविद्यालय तक सड़क निर्माण तथा परिसर के भीतर सड़क विकास के लिए शासन स्तर पर लगातार पत्राचार किए जाने की बात भी रखी गई।
कुलपति ने बताया कि परीक्षा परिणाम समय पर जारी करने तथा मूल्यांकन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए विश्वविद्यालय में ऑनलाइन एवं डिजिटल मूल्यांकन प्रणाली लागू की गई है। वहीं विद्यार्थियों की सुविधा के लिए टोल-फ्री एवं हेल्पलाइन नंबर शुरू करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
बैठक के दौरान टी.एस. सिंहदेव ने विश्वविद्यालय के समग्र विकास के लिए शासन स्तर पर हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने भवन निर्माण, विभिन्न पाठ्यक्रमों में सीटों की संख्या बढ़ाने, नए पाठ्यक्रम प्रारंभ कराने तथा सड़क निर्माण के लिए आवश्यक बजट उपलब्ध कराने की दिशा में सकारात्मक पहल करने की बात कही। इससे विश्वविद्यालय के विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।






