वोट बचाओ देश बचाओ अभियान को लेकर कांग्रेस ने उठाए चुनावी पारदर्शिता के सवाल

रेस्ट हाउस मुंगेली में जिला स्तरीय प्रेस कॉन्फ्रेंस, मतदाता सूची की शुद्धता और निर्वाचन आयोग की जवाबदेही पर चर्चा

संदीप यादव मुंगेली। पूरे देश भर में कांग्रेस के वोट बचाओ देश बचाओ अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जिसके तहत प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर प्रदेश के सभी जिलों में प्रेस वार्ता कर लोगों को एकजुट करने की मुहिम छेड़ी गई है। इसी कड़ी में मुंगेली जिले में भी पत्रकार वार्ता रेस्ट हाउस, मुंगेली में जिला स्तरीय प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। जिसमें एआईसीसी पर्यवेक्षक शरद अहेर सहित जिला विधायक देवेंद्र यादव, पूर्व वन मंत्री मो. अकबर, हितेंद्र ठाकुर पीसीसी सचिव, जिलाध्यक्ष धनराम वर्मा उपस्थित रहे।

मतदाता सूची की पारदर्शिता पर जोर

इस अवसर पर एआईसीसी पर्यवेक्षक शरद अहेर ने कहा कि मतदाता सूची की पारदर्शिता, मतदाताओं के नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया तथा निर्वाचन आयोग की जवाबदेही जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। चुनावी अनियमितताओं का सवाल केवल विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) तक सीमित नहीं है, बल्कि निष्पक्ष चुनाव और प्रत्येक पात्र नागरिक के मतदान अधिकार से जुड़ा व्यापक विषय है।

राहुल गांधी ने उठाए सवाल – कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने महाराष्ट्र, कर्नाटक और हरियाणा सहित विभिन्न क्षेत्रों में मतदाता सूची में कथित विसंगतियों को लेकर सवाल उठाए हैं। महाराष्ट्र में लोकसभा और विधानसभा चुनावों के बीच मतदाताओं की संख्या, विशेषकर कर्नाटक के महादेवपुरा क्षेत्र में कथित दोहरे पंजीकरण और संदिग्ध प्रविष्टियों तथा आनंद में नाम हटाने के कथित प्रयासों को लेकर पार्टी ने पारदर्शी जांच की मांग की है।

जिला अध्यक्ष धनराम वर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने मतदाता सूची में नाम हटाने और जोड़ने के संबंध में विस्तृत डिजिटल आंकड़े सार्वजनिक करने, राजनीतिक दलों को स्थानवार योग्य रिकॉर्ड उपलब्ध कराने तथा प्रभावित मतदाताओं को अपील और सुधार का पर्याप्त अवसर देने की मांग की है। मतदाता सूची में गंभीर विसंगतियों की आशंका होने पर स्वतंत्र और समयबद्ध जांच कराई जानी चाहिए।

आयोग की निष्पक्ष प्रक्रिया पर भी उठाए सवाल

श्री वर्मा ने कहा कि निर्वाचन आयोग की स्वतंत्रता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा निर्णयों में जवाबदेही जरूरी है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जिला कांग्रेस इकाई स्थानीय स्तर पर मतदाता सूची में संभावित विसंगतियों की पहचान, प्रभावित नागरिकों के मामलों का दस्तावेजीकरण और मतदाता जागरूकता अभियान चलाने का संदेश देगी।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Hot Topics

Related Articles