भाटापारा,नगर के प्रतिष्ठित धार्मिक स्थल श्री नारायणी नवल धाम में भादी मावस के पावन और शुभ अवसर पर भव्य चुनरी उत्सव का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस विशेष धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालु सम्मिलित होकर अपनी अगाध श्रद्धा प्रकट की।उत्सव के दौरान मुख्य यजमान व उपस्थित श्रद्धालुओं ने पूर्ण विधि-विधान और वैदिक मंत्रोचार के साथ श्री राणी सती दादी जी की विशेष पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात, दादी जी को अत्यंत श्रद्धापूर्वक चुनरी अर्पित की गई और महाआरती कर उनका पावन आशीर्वाद प्राप्त किया गया।इस मांगलिक अवसर पर श्रद्धालुओं ने राणी सती दादी जी के चरणों में शीश नवाकर क्षेत्रवासियों सहित समस्त परिवारजनों के सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य, अटूट शांति और मंगलमय जीवन की कामना की। उपस्थित भक्तों ने प्रार्थना की कि दादी जी की असीम कृपा सभी पर सदैव बनी रहे और प्रत्येक घर में सुख, शांति एवं खुशहाली का वास हो। उत्सव के समापन पर भक्तों के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
श्री नारायणी नवल धाम में भादी मावस पर भव्य चुनरी उत्सव आयोजित, उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब








