सात सूत्रीय जनहित मांगों को लेकर आम आदमी पार्टी ने सौंपा मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन

रमेश सलाम ,जिला कोंडागांव,विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 83 | 17 सितंबर 2026, गुरुवार

आज आम आदमी पार्टी, विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 83 कोंडागांव की ओर से क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री के नाम नायब तहसीलदार को सात सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन सौंपते हुए मानसिंग नेताम ने कहा कि इन मांगों को मुख्यमंत्री तक पहुंचाकर जनहित में शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

ज्ञापन की प्रमुख मांगें

1. शिक्षा व्यवस्था दुरुस्त हो

शिक्षकों की कमी वाले विद्यालयों में तत्काल शिक्षकों की भर्ती की जाए तथा जर्जर स्कूल भवनों की मरम्मत कर बच्चों को बेहतर शिक्षा का वातावरण दिया जाए।

2. स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर हों

अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी दूर की जाए और पर्याप्त दवाइयां उपलब्ध कराई जाएं। मरीजों को दवा के लिए बाहर मेडिकल स्टोर भेजने के बजाय अस्पताल में ही इलाज और दवा उपलब्ध हो।

3. सड़कों पर मवेशियों की समस्या का समाधान हो

सड़कों पर घूम रहे मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर रखने की व्यवस्था की जाए, ताकि दुर्घटनाओं और आम जनता की परेशानी को रोका जा सके।

4. युवाओं को स्थानीय रोजगार मिले

बेरोजगार युवाओं के लिए क्षेत्र में रोजगार के अवसर पैदा किए जाएं, ताकि रोजगार की तलाश में युवाओं को बस्तर से पलायन न करना पड़े।

5. महंगाई और स्मार्ट मीटर की समस्याओं का समाधान हो

बढ़ती महंगाई से राहत के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं की समस्याओं और शिकायतों का भी निराकरण किया जाए।

6. जर्जर सड़कों की तत्काल मरम्मत हो

क्षेत्र की खराब एवं जर्जर सड़कों का शीघ्र निर्माण एवं मरम्मत कराकर आवागमन सुगम बनाया जाए।

7. हर घर नियमित पेयजल उपलब्ध हो

नल-जल योजना के तहत प्रत्येक घर में नियमित और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया जाए तथा पानी की समस्या वाले क्षेत्रों में तत्काल व्यवस्था की जाए।

सिर्फ आश्वासन नहीं, चाहिए समयबद्ध कार्रवाई

आम आदमी पार्टी ने कहा कि जनता को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि समस्याओं का स्थायी समाधान चाहिए। नायब तहसीलदार द्वारा मांगों को शासन तक पहुंचाने का आश्वासन दिया गया है।

पार्टी ने स्पष्ट किया कि यदि इन मांगों पर शीघ्र ठोस एवं समयबद्ध कार्रवाई नहीं हुई, तो आम आदमी पार्टी जनता के साथ मिलकर चरणबद्ध आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

 

 

Hot Topics

Related Articles