साथ रह रही महिला की डंडे से पीटकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार; विवाद के बाद दिया वारदात को अंजाम

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के ग्राम रवान में आपसी विवाद के बाद एक व्यक्ति ने अपनी साथ रह रही महिला की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान घनसाय विश्वकर्मा (59 वर्ष), पिता खोजू राम विश्वकर्मा, निवासी ग्राम रवान के रूप में हुई है। आरोपी और मृतिका रेवती जायसवाल पिछले करीब सात वर्षों से ग्राम रवान में नारायण यादव की दुकान नंबर-1 के कमरे में पति-पत्नी की तरह साथ रह रहे थे। दोनों के बीच आए दिन किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहता था।

बताया जा रहा है कि 11 नवंबर की रात भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद 12 नवंबर की सुबह करीब 9 बजे जानकारी मिली कि घनसाय विश्वकर्मा ने रेवती जायसवाल को डंडे से बेरहमी से पीटा है, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना सरपंच, पुलिस और वार्ड पंच को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि महिला कमरे में खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ी थी।

मामले में प्रार्थी नारायण यादव की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव का पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। साथ ही घटनास्थल से खून के नमूने, हत्या में प्रयुक्त डंडा और खून से सना गिलास जब्त किया गया।

पुलिस ने संदेह के आधार पर आरोपी घनसाय विश्वकर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने 12 नवंबर 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

थाना प्रभारी लखेश केंवट ने बताया कि आरोपी और मृतिका पिछले सात वर्षों से पति-पत्नी की तरह साथ रह रहे थे। दोनों के बीच हुए विवाद के बाद आरोपी ने डंडे से हमला कर महिला की हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में आवश्यक साक्ष्य जुटाकर आगे की वैधानिक कार्रवाई पूरी की है।

Hot Topics

Related Articles