बलौदाबाजार। जिले के खाद्य कारोबारियों को खाद्य पंजीयन एवं अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) बनवाने की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में कारोबारियों को खाद्य पंजीयन, अनुज्ञप्ति एवं ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया के साथ आवश्यक जानकारी भी दी जाएगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पहला शिविर 13 नवंबर को नगर पंचायत लवन के वार्ड क्रमांक 4 स्थित साहू समाज धर्मशाला में तथा दूसरा शिविर 16 नवंबर को नगर पंचायत कसडोल के कबीर दास वार्ड क्रमांक 6 स्थित साहू समाज धर्मशाला में आयोजित होगा। दोनों शिविर सुबह 11 बजे से शुरू होंगे।
अभिहित अधिकारी अक्षय कुमार सोनी ने बताया कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत सभी खाद्य कारोबारियों के लिए खाद्य पंजीयन अथवा अनुज्ञप्ति प्राप्त करना अनिवार्य है। कारोबारियों को उनके वार्षिक टर्नओवर के आधार पर पंजीयन या लाइसेंस लेना होता है।
1.5 करोड़ रुपये तक टर्नओवर पर पंजीयन अनिवार्य
जिन खाद्य कारोबारियों का वार्षिक टर्नओवर 1.5 करोड़ रुपये तक है, उन्हें खाद्य पंजीयन कराना होगा। इसके लिए शुल्क 100 रुपये प्रतिवर्ष निर्धारित है। कारोबारी अधिकतम पांच वर्ष तक के लिए एक साथ आवेदन कर सकते हैं।
अधिक टर्नओवर पर लेना होगा खाद्य लाइसेंस
जिन कारोबारियों का वार्षिक टर्नओवर 1.5 करोड़ रुपये से अधिक है, उन्हें खाद्य अनुज्ञप्ति प्राप्त करनी होगी। इसके लिए चिल्हर एवं थोक विक्रेताओं हेतु 2,000 रुपये प्रतिवर्ष तथा खाद्य उत्पादकों के लिए 5,000 रुपये प्रतिवर्ष तक शुल्क निर्धारित किया गया है।
आवेदन के लिए ये दस्तावेज जरूरी
शिविर में पंजीयन अथवा अनुज्ञप्ति के लिए आवेदन करने वाले कारोबारियों को पासपोर्ट साइज फोटो (एक नग), फोटो पहचान पत्र की सत्यापित छायाप्रति (आधार कार्ड, वोटर कार्ड या परिचय पत्र), पैन कार्ड की सत्यापित छायाप्रति तथा खाद्य प्रतिष्ठान के पते से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करना होगा। किराये के प्रतिष्ठान के मामले में किरायानामा तथा अन्य मामलों में बिजली बिल जैसे पते के प्रमाण की आवश्यकता होगी।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने जिले के सभी खाद्य कारोबारियों से निर्धारित तिथि एवं स्थान पर पहुंचकर शिविर का लाभ लेने और खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत अपना पंजीयन अथवा अनुज्ञप्ति बनवाने की अपील की है।












