जियाउल खान ,लखनपुर। लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पूहपुटरा के साप्ताहिक बाजार में शनिवार शाम एक एलसीसी कंपनी के सुपरवाइजर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार अमेरा खदान स्थित एलसीसी कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत अतुल ठाकरे (24 वर्ष), पिता अरविंद ठाकरे 25 जुलाई की शाम लगभग 6 बजे पूहपुटरा साप्ताहिक बाजार में सब्जी खरीदने पहुंचे थे। इसी दौरान ग्राम पूहपुटरा निवासी बिहारी राम पिता रमाशंकर एवं देव राजवाड़े ने उनसे विवाद शुरू कर दिया।
बताया जा रहा है कि अमेरा खदान में कोयला लेने जाने से मना करने की बात को लेकर दोनों आरोपी पहले से नाराज थे। आरोप है कि उन्होंने पहले गाली-गलौज की, फिर जान से मारने की धमकी देते हुए अतुल ठाकरे को जमीन पर पटक दिया और डंडे, हाथ-मुक्कों तथा कड़े से हमला कर घायल कर दिया। आसपास मौजूद लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ।
घटना के बाद घायल सुपरवाइजर ने लखनपुर थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296(बी), 351(3), 115(2) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।






