कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने समय-सीमा की बैठक में दिए निर्देश, जिले में अब तक मिले 9339 आवेदनों में 90 प्रतिशत का निराकरण
बलौदाबाजार, 27 अक्टूबर। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि समय-सीमा के बाद भी आवेदन लंबित रहने पर संबंधित अधिकारी को नोटिस जारी किया जाएगा। नोटिस के बाद भी आवेदन लंबित रहने की स्थिति में असंचयी प्रभाव से वेतनवृद्धि रोकने की कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर मंगलवार को आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर लंबित आवेदनों की स्थिति की जानकारी ली और अधिकारियों को शिकायतों के निराकरण में गंभीरता बरतने के निर्देश दिए।
9339 आवेदनों में 90 प्रतिशत का निराकरण
कलेक्टर शर्मा ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन पोर्टल शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। सभी अधिकारी अपनी आईडी की नियमित मॉनिटरिंग करें और प्राप्त शिकायतों का गंभीरतापूर्वक अध्ययन एवं जांच कर गुणवत्तापूर्ण निराकरण करें। उन्होंने निर्देश दिए कि स्पेशल क्लोजर की दर 10 प्रतिशत से अधिक नहीं होनी चाहिए तथा सकारात्मक निराकरण का प्रतिशत 65 प्रतिशत से अधिक रखा जाए।
बैठक में बताया गया कि जिले में अब तक सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से 9339 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से लगभग 90 प्रतिशत का निराकरण किया जा चुका है।
बारिश और बाढ़ की आशंका को लेकर अलर्ट रहने के निर्देश
चक्रवाती तूफान के प्रभाव से 28 और 29 अक्टूबर को संभावित बारिश को देखते हुए कलेक्टर ने नदी-नालों में बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने और नदी किनारे स्थित 116 गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क करने को कहा।
कलेक्टर ने होमगार्ड, राजस्व और स्वास्थ्य विभाग को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए, ताकि संभावित आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किए जा सकें।
2 नवंबर को होगा जिला स्तरीय राज्योत्सव
बैठक में 2 नवंबर को पंडित चक्रपाणि शुक्ल हाई स्कूल मैदान में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय राज्योत्सव मेले की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कार्यक्रम को गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अगले महीने 45 हजार श्रमिकों को रोजगार देने का लक्ष्य
कलेक्टर ने वीबी-जीरामजी योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक कार्य स्वीकृत करने और श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने पर जोर दिया। बैठक में जानकारी दी गई कि योजना के तहत अब तक 122 करोड़ रुपये की लागत के 2119 कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इन कार्यों के माध्यम से लगभग 17 हजार श्रमिकों को रोजगार मिल रहा है। अगले महीने श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर 45 हजार करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
पीएम आवास के शेष कार्य जल्द पूरे करने के निर्देश
प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में अब तक स्वीकृत 70,256 आवासों में से लगभग 82 प्रतिशत आवास पूर्ण हो चुके हैं। कलेक्टर ने शेष आवासों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में शेष 2106 आवासों के निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने पर भी जोर दिया गया।
इसके अलावा बैठक में राजस्व प्रकरणों, स्वामित्व योजना, मुख्यमंत्री जनदर्शन, सीपीग्राम्स, ई-ऑफिस, समय-सीमा के प्रकरणों, सड़क निर्माण और सुपोषित बचपन अभियान सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षा की गई।
बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिव्या अग्रवाल, अपर कलेक्टर निशा नेताम मड़ावी, सभी एसडीएम, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।







