सुदूर अंचल के ग्रामीणों तक पहुंचा न्याय का संदेश, ग्राम जमुनाही में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन

संदीप यादव मुंगेली, – राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती गिरिजा देवी मेरावी के मार्गदर्शन में जिले के सुदूर ग्रामीण अंचलों तक विधिक जागरूकता पहुंचाने के उद्देश्य से 60 दिवसीय मेगा ड्राइव चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में विकासखंड लोरमी के ग्राम जमुनाही में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एवं प्रभारी सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुंगेली श्री सतीश कुमार खाखा, न्यायिक मजिस्ट्रेट वरिष्ठ श्रेणी श्री दीपक कुमार शर्मा तथा व्यवहार न्यायालय लोरमी के न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री देवेन्द्र कुमार दीक्षित उपस्थित रहे। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के सरपंच श्री चंद्रमणी साहू, सचिव श्री ओम प्रकाश मरावी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।

शिविर में ग्रामीणों को विधिक साक्षरता के महत्व, अपने कानूनी अधिकारों एवं उपलब्ध विधिक सहायता की जानकारी दी गई। बताया गया कि थाना स्तर पर शिकायत एवं FIR दर्ज कराने की प्रक्रिया में पावती लेना महत्वपूर्ण है। यदि थाना स्तर पर कार्रवाई नहीं होती तो वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की जा सकती है।

ग्रामीणों को बच्चों की शिक्षा, महिलाओं एवं बच्चों के कानूनी अधिकारों तथा नालसा की 13 महत्वपूर्ण योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। यह भी बताया गया कि 23 अक्टूबर 2026 से पूर्व जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जाएंगे और पैरा लीगल वालंटियर्स घर-घर जाकर समस्याएं सुनेंगे।

Hot Topics

Related Articles