बलौदा बाजार/गिधौरी, थाना गिधौरी क्षेत्र में सूने मकान में ताला तोड़कर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए विधि से संघर्षरत दो बालक सहित 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों द्वारा ग्राम बलौदा स्थित सूने मकान में चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। आरोपियों से चोरी की गई टीवी, मिक्सी, तांबे, पीतल, कांस्य के बर्तन, नगदी रकम एवं एक मोटरसाइकिल बरामद कर चोरी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल को भी जब्त किया गया है। आरोपियों के विरुद्ध धारा 331 (4), 305(ए), 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 4 सितंबर को प्रार्थी मनमोहन यादव निवासी ग्राम बलौदा ने थाना गिधौरी में रिपोर्ट दर्ज कराया कि ग्राम बलौदा स्थित उनके बड़े भाई राजू यादव के सूने मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों द्वारा अलमारी व पेटी में रखे पीतल, तांबे व कांस्य के बर्तन, टीवी, मिक्सी सेट एवं मोटरसाइकिल चोरी कर लिया गया है। रिपोर्ट पर धारा 331 (4), 305(ए), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया। पुलिस टीम द्वारा मुखबिर तंत्र सक्रिय कर संदेहियों पर नजर रखी गई। मुखबिर से प्राप्त सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर संदेही प्रेम देवार उर्फ पुसऊ देवार पिता प्रकाश देवार 18 वर्ष, निवासी ग्राम छरछेद थाना कसडोल को हिरासत में लेकर पूछताछ किया गया। आरोपी ने अन्य दो नाबालिगों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस के द्वारा आरोपी प्रेम उर्फ पुसऊ देवार एवं विधि से संघर्षरत दो बालक को हिरासत में लेकर चोरी के सामान मोटरसाइकिल, टीवी, मिक्सी सेट, एम्पलीफायर, बॉक्स, पीतल, तांबा एवं कांस्य के विभिन्न बर्तन, नकद 412 रुपये को बरामद किया। वही चोरी में प्रयुक्त मोटर सायकल को जब्त किया गया। गौरतलब है कि पुलिस अधीक्षक गौरव राय के द्वारा पुलिस को चोरी, नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लगातार सख्त कानूनी कार्रवाई करने के सख्त निर्देश दिया गया है।








