स्कूल में दही लूट उत्सव के दौरान हादसा, हाईटेंशन तार की चपेट में आकर झुलसा छात्र, जांच जारी

मुंगेली। जिले के बरेला नगर पंचायत स्थित स्थित माइंड्स आई इंटरनेशनल स्कूल में मटका फोड़ कार्यक्रम के दौरान सातवीं कक्षा का छात्र हाईटेंशन तार की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे में छात्र वैभव जायसवाल के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर उपचार के लिए बिलासपुर रेफर किया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और उपचार जारी है।बताया जा रहा है कि 3 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे स्कूल परिसर में मटका फोड़ कार्यक्रम की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान छात्र परिसर से गुजर रहे हाईटेंशन विद्युत तार की चपेट में आ गया। करंट की चपेट में आने से छात्र गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया और घायल छात्र को तत्काल उपचार के लिए ले जाया गया।घटना के बाद छात्र के परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर घोर लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि स्कूल परिसर में हाईटेंशन तार जैसी संवेदनशील जगह मौजूद होने के बावजूद कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए। इसी लापरवाही के चलते यह गंभीर हादसा हुआ।इस पूरे मामले में स्कूल प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था, हाईटेंशन तार के आसपास विद्यार्थियों की मौजूदगी और कार्यक्रम के दौरान बरती गई सावधानियों को लेकर शिक्षा विभाग की जांच जारी है। जांच के बाद जिम्मेदारी तय होने और आगे की कार्रवाई पर तस्वीर साफ होगी।

बीईओ विमित्रा धृतलहरे ने बताया कि स्कूल प्रबंधन के तरफ से कारण बताओ नोटिस का जवाब दिया गया है, जिसके सम्बन्ध में उच्च अधिकारियों को अवगत कराकर आगे की कार्रवाई की जाएगी l

Hot Topics

Related Articles