स्काउट गाइड संघ भाटापारा का गठन, विनय बने अध्यक्ष

उपाध्यक्ष पद पर पुरुष एवं महिला वर्ग से तीन-तीन सदस्यों का मनोनयन, स्काउटर एवं गाइडर प्रतिनिधि भी चयनित

भाटापारा। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के स्थानीय संघ भाटापारा में संगठनात्मक गठन की प्रक्रिया के तहत विनय ठाकुर को सर्वसम्मति से स्थानीय संघ का अध्यक्ष मनोनीत किया गया। वहीं उपाध्यक्ष पद पर पुरुष एवं महिला वर्ग से तीन-तीन सदस्यों का मनोनयन किया गया। स्काउटर प्रतिनिधि एवं गाइडर प्रतिनिधि का भी चयन किया गया।

यह गठन भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के राज्य मुख्य आयुक्त इन्द्रजीत सिंह खालसा एवं राज्य सचिव अमित क्षत्रिय के दिशा-निर्देश में किया गया। जिला मुख्य आयुक्त डॉ. अजय राव, जिला शिक्षा अधिकारी एवं पदेन जिला आयुक्त एस.के. गेंदले, सहायक जिला आयुक्त एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी भास्कर देवांगन, राज्य मुख्यालय आयुक्त एवं जिला सचिव डॉ. जगदीश कुमार साहू तथा जिला संगठन आयुक्त सूरज कसार के मार्गदर्शन में गठन प्रक्रिया संपन्न हुई।

विकासखंड सचिव श्रवण सिंगरौल के कुशल नेतृत्व एवं स्थानीय संघ भाटापारा के संरक्षक शिवरतन शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रक्रिया में राज्य कार्यकारिणी सदस्य अरुण छाबड़ा तथा स्थानीय संघ सदस्य अश्वनी शर्मा, राजेश पटेल एवं संकेत अग्रवाल उपस्थित रहे।

भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की रूल्स बुक क्रमांक 6 की कंडिका 140 के नियमानुसार जिला पर्यवेक्षक संजीव पटेल एवं गंगा राम वर्मा के पर्यवेक्षण में गठन प्रक्रिया संपन्न की गई। निर्धारित नियमों एवं कर्तव्यों का पालन करते हुए विनय ठाकुर को सर्वसम्मति से स्थानीय संघ भाटापारा का अध्यक्ष मनोनीत किया गया।

उपाध्यक्ष पद के लिए पुरुष वर्ग से प्रकाश चन्द्र शर्मा, केशव राम वर्मा एवं सुनील यदु तथा महिला वर्ग से डॉ. वीणा साहू, गीता अग्रवाल एवं गायत्री आडिल को मनोनीत किया गया। इसके साथ ही एस.आर. फुटान को स्काउटर प्रतिनिधि एवं सुशीला वर्मा को गाइडर प्रतिनिधि चुना गया।

नव नियुक्त एवं मनोनीत सदस्यों की अधिकृत घोषणा करते हुए स्थानीय संघ सदस्य अश्वनी शर्मा ने सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने संगठन की मजबूती के लिए सभी सदस्यों से एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर अश्वनी शर्मा ने अपने स्कूली जीवन से लेकर आज तक एनसीसी एवं स्काउट के आदर्शों को अपनाते हुए देशप्रेम, सेवा भावना एवं समाजसेवा को अपने जीवन का लक्ष्य बताया। उन्होंने कहा कि स्काउटिंग के मूल सिद्धांतों के अनुरूप संगठन को मजबूत बनाने तथा समाज में सेवा और राष्ट्रप्रेम की भावना को बढ़ावा देने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना चाहिए।

नवीन पदाधिकारियों के मनोनयन से स्थानीय संघ भाटापारा में संगठनात्मक गतिविधियों को नई दिशा मिलने तथा स्काउटिंग एवं गाइडिंग के कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने की उम्मीद जताई गई।

Hot Topics

Related Articles