गांधी जयंती पर गुडेलिया में विशेष ग्रामसभा, ग्रामीणों को योजनाओं की भी दी गई जानकारी
भाटापारा। गांधी जयंती के अवसर पर ग्राम पंचायत गुडेलिया में आयोजित विशेष ग्रामसभा में 48 हितग्राहियों को भू-स्वामी अधिकार अभिलेख वितरित किए गए। लंबे समय से भूमि संबंधी अधिकार अभिलेख मिलने का इंतजार कर रहे ग्रामीणों के लिए यह अवसर खास रहा। दस्तावेज हाथ में आते ही हितग्राहियों के चेहरों पर खुशी नजर आई।
भूमि अधिकार को लेकर स्थिति हुई स्पष्ट
भू-स्वामी अधिकार अभिलेख मिलने के बाद हितग्राहियों ने इसे भूमि से जुड़े अधिकारों को स्पष्ट करने वाला महत्वपूर्ण दस्तावेज बताया। गुडेलिया निवासी रतन निर्मलकर ने कहा कि अभिलेख मिलने से भूमि पर उनके अधिकार को लेकर स्थिति और स्पष्ट हुई है। उन्होंने इसे अपने परिवार के लिए खुशी का अवसर बताते हुए शासन के प्रति आभार जताया।
ग्रामसभा में योजनाओं की दी जानकारी
विशेष ग्रामसभा के दौरान ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही योजनाओं का लाभ लेने के लिए पात्रता और आवेदन प्रक्रिया के संबंध में भी बताया गया। ग्राम पंचायत स्तर पर ग्रामीणों को योजनाओं से जोड़ने और पात्र हितग्राहियों तक लाभ पहुंचाने पर जोर दिया गया।
ग्राम पंचायत सरपंच संकेत अग्रवाल ने कहा कि ग्रामीणों तक शासन की योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के साथ पात्र हितग्राहियों को उनका लाभ दिलाना भी जरूरी है। इसी उद्देश्य से ग्राम पंचायत स्तर पर इस तरह के आयोजन किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अधिकार अभिलेख मिलने से संबंधित ग्रामीणों को अपनी भूमि के अधिकारों के संबंध में आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध हो सके हैं।








