65 वर्षीय बुजुर्ग का शव मिला:शरीर पर चाकू मारने के निशान; हत्या की आशंका, आरोपी की तलाश जारी

बलौदाबाजार जिले के ग्राम मुडियाडीह-खैंदा मेनरोड पर 65 वर्षीय बुजुर्ग का शव मिला है। मृतक की पहचान ग्राम मुडियाडीह निवासी केजराम ध्रुव (पिता ढेल सिंह ध्रुव) के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एफएसएल टीम ने भी वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए।

शुरुआती जांच में परिजनों ने बताया कि, केजराम ध्रुव 18 अगस्त को शाम करीब 5 बजे ग्राम खैंदा में दूध देने निकले थे। जिसके बाद वह वापस नहीं लौटे। शव की जांच में शरीर पर धारदार हथियार, संभवतः चाकू, से गंभीर चोट के निशान मिले हैं। इससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। मृतक के बेटे लकेश्वर ध्रुव की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली थाने में मर्ग जांच दर्ज की गई है। थाना प्रभारी लखेश केवंट ने बताया कि पुत्र के बयान के आधार पर हत्या का केस दर्ज किया गया है।

केवंट ने आगे बताया कि शरीर पर चाकू से हमले के स्पष्ट निशान हैं, लेकिन मौत का सटीक कारण और समय पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस टीम आरोपी की पहचान और तलाश में जुटी है। सीसीटीवी फुटेज और संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

 

Hot Topics

Related Articles