दीपक अवस्थी,डोंगरगांव। सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को डोंगरगांव विकासखंड के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल सांकरदाहरा में आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम ने आस्था, सेवा और सामूहिक सहभागिता का मनमोहक दृश्य प्रस्तुत किया। शिवनाथ नदी के तट पर एक साथ 7 हजार से अधिक दीप प्रज्वलित किए गए तो पूरा नदी किनारा रोशनी से नहा उठा। दीपों की कतारों और आकर्षक रंगोली से सजा तट देर शाम श्रद्धा और उत्साह से सराबोर नजर आया।

नदी किनारे बनाई गई आकर्षक रंगोली के बीच जब हजारों दीप एक साथ प्रज्वलित हुए तो सांकरदाहरा का दृश्य देखते ही बन रहा था। दीपों की रोशनी शिवनाथ नदी के पानी में प्रतिबिंबित हुई तो वातावरण में एक अलग ही आध्यात्मिक आभा नजर आई। इस मनोहारी दृश्य को देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, श्रद्धालु और ग्रामीणजन मौजूद रहे।
कार्यक्रम में लोगों ने उत्साह के साथ दीप प्रज्वलित किए और सामूहिक सहभागिता निभाई। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी में आयोजन को लेकर उत्साह नजर आया। दीपों से जगमगाते नदी तट का दृश्य लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। कई लोगों ने इस यादगार पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया।
सेवा और आस्था का संदेश
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के माध्यम से सांकरदाहरा में सेवा, आस्था और सामूहिक सहभागिता का संदेश देखने को मिला। हजारों दीपों की रोशनी ने न केवल नदी तट को रोशन किया, बल्कि लोगों के बीच उत्साह और अपनत्व का भाव भी जगाया। आयोजन में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीणजन शामिल हुए।








