मस्तूरी में मवेशी विवाद में खूनी खेल! घात लगाकर ग्रामीणों पर हमला, किसान की मौत, तीन घायल

बिलासपुर (कमलकांत पाटनवार):- ग्राम लिमतरा के ग्रामीणों पर गुरुवार रात ग्राम रलिया में घात लगाकर हमला करने का मामला सामने आया है। घटना में एक ग्रामीण की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं। ग्रामीण के शव को सिम्स में रखवाया गया है। घायलों का मस्तूरी स्थित अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मस्तूरी क्षेत्र के लिमतरा निवासी जीवन मेहर (38) गांव में खेती किसानी करते हैं। वे गुरुवार को गांव के हीरालाल यादव (50), राकेश बरगाह (28) पिता परस बरगाह और मुकेश पटेल (38) पिता नान्हू पटेल के साथ आवारा मवेशियों को दलहा पहाड़ के जंगल में छोड़ने के लिए गए थे। शाम करीब पांच बजे वे मवेशियों को लेकर दलहा की ओर गए थे। इसके बाद रात में मवेशियों को जंगल में छोड़कर दो बाइक से वापस गांव लौट रहे थे। ग्रामीणों के लौटने की जानकारी मिलने पर रलिया गांव के करीब छह से आठ लोग पहले से ही रास्ते में रेकी करते हुए छिपे हुए थे। जैसे ही दोनों बाइक पर सवार ग्रामीण वहां पहुंचे, छिपे लोगों ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हमले में चार ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने जीवन मेहर को मृत घोषित कर दिया। अन्य तीन घायलों का उपचार जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आवारा मवेशियों को जंगल में छोड़ने की पुरानी बात को लेकर रलिया के कुछ ग्रामीणों में नाराजगी थी। इसी विवाद के चलते हमला किए जाने की बात सामने आ रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस हमले में शामिल लोगों की पहचान करने के साथ ही घटना के वास्तविक कारणों और पूरे विवाद की जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई पुलिस जांच और घायलों के बयान के आधार पर की जाएगी।

घात लगाकर हमला करने का आरोप

ग्रामीणों के अनुसार, रलिया गांव में छह से आठ लोग पहले से ही रास्ते में छिपे हुए थे। वे लिमतरा से लौट रहे ग्रामीणों के आने का इंतजार कर रहे थे। रात करीब 8.30 बजे दो बाइक से ग्रामीण वहां पहुंचे तो अचानक उन पर हमला कर दिया गया। हमले में चार लोग घायल हुए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां जीवन मेहर की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमले में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।

सिर पर किया ताबड़तोड़ वार, फिर कहा लाश ले जाओ

घायलों ने बताया कि आरोपित हत्या की नीयत से मौके पर छुपे हुए थे। जैसे ही वे गांव के पास पहुंचे उन्हें रोक लिया गया। इसके बाद गांव में आवार मवेशियों को छोड़ने का आरोप लगाकर जीवन और उसके साथियों पर हमला किया गया। इस हमले में जीवन के सिर पर लोहे के राड और डंडे से ताबड़तोड़ वार किया गया। जब वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर गया तब उसके साथी किसी तरह जान बचाकर भागने की कोशिश करने लगे। इस दौरान हमलावर ने उन्हें आवाज लगाकर लाश ले जाने के लिए कहा।

आवारा मवेशियों को लेकर दो गांव के कुछ लोगों के बीच विवाद हुआ है। मारपीट से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। मामले की जांच की जा रही है। गांव में पूछताछ कर हमलावर की जानकारी जुटाई जा रही है। सुदीप सरकारडीएसपी बिलासपुर

Hot Topics

Related Articles