बालोद। जिले की डौंडी नगर पंचायत में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक सफाई कर्मचारी ने अपने दो साथी कर्मचारियों पर धारदार टंगिया से हमला कर दिया। हमले में रम्हू भुआर्य और प्रेमलाल भुआर्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद डौंडी पुलिस ने आरोपी कर्मचारी गिरवर देहारी को गिरफ्तार कर लिया।
घटना सुबह करीब 7 बजे की बताई जा रही है। रम्हू भुआर्य और प्रेमलाल भुआर्य डौंडी के सब्जी मार्केट क्षेत्र में सफाई करने पहुंचे थे। इसी दौरान नगर पंचायत में सफाई कर्मचारी के पद पर पदस्थ और ट्रैक्टर चलाने का काम करने वाला गिरवर देहारी हाथ में धारदार टंगिया लेकर वहां पहुंचा और दोनों पर हमला कर दिया।
हमले से पहले उपाध्यक्ष से पूछा- आज बकरा खाएंगे क्या?
घटना के प्रत्यक्षदर्शी डौंडी नगर पंचायत के उपाध्यक्ष संजीव कुमार मानकर के मुताबिक, हमले से कुछ देर पहले आरोपी गिरवर उनके पास आया था। उसने पूछा- “साहब, आज बकरा खाएंगे क्या?”
उपाध्यक्ष ने शनिवार होने की बात कहते हुए बकरा खाने से इनकार कर दिया और उससे पूछा कि बकरा कहां कट रहा है। इस पर गिरवर ने बताया कि वह आज दो बकरे काट रहा है। इसके कुछ ही मिनट बाद उसने वहां मौजूद दोनों सफाई कर्मचारियों पर टंगिया से हमला कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही डौंडी पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। पुलिस ने आरोपी गिरवर देहारी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है।
राजहरा नगर पुलिस अधीक्षक विकास पाटलेय ने बताया कि डौंडी नगर में एक सफाई कर्मचारी ने दो अन्य सफाई कर्मचारियों पर टंगिया से हमला किया है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में लिया गया है।














