भाटापारा,शहर के मुख्य सड़कों, चौक-चौराहों और गली-मोहल्लों में आवारा मवेशियों की संख्या फिर बढ़ गई है। इससे यातायात बाधित हो रहा है और सड़क दुर्घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में धान बुआई और बियासी के बाद रोका-छेका शुरू होने से बड़ी संख्या में मवेशी शहर की ओर आ गए हैं। चारा और पानी की तलाश में गाय, बैल, भैंस और सांड शहर के अलग-अलग हिस्सों में घूम रहे हैं।
गौरवपथ, रेलवे ओवरब्रिज, वेयरहाउस मार्ग, अस्पताल चौक, रेलवे अंडरब्रिज, हटरी बाजार, गुरुद्वारा क्षेत्र, सदर वार्ड, रेलवे क्षेत्र और नेहरू वार्ड में सैकड़ों मवेशियों के जमावड़े की शिकायतें मिल रही हैं। कई स्थानों पर सांडों की लड़ाई के कारण राहगीरों के घायल होने की घटनाएं भी बताई जा रही हैं।














