बलौदाबाजार। जिले में हाथियों के दल की लगातार मौजूदगी को देखते हुए जिला बलौदाबाजार-भाटापारा प्रशासन ने लोगों के लिए चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने बया से बार वाला मार्ग पर शाम, रात और सुबह के समय अनावश्यक आवागमन नहीं करने की अपील की है। प्रशासन के अनुसार हाथियों का दल वर्तमान में बिलासपुरिया बैरियर से देवगढ़ घाट होते हुए पकरीद मार्ग तक विचरण कर रहा है। देवगढ़ घाट क्षेत्र में हाथियों के झुंड को सड़क पर प्रत्यक्ष रूप से देखे जाने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में मार्ग से गुजरने वाले लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने वाहन चालकों एवं ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों के झुंड के आसपास जाने, उनका पीछा करने या उन्हें छेड़ने का प्रयास न करें। विशेषकर शाम, रात और सुबह के समय बया-बार वाला मार्ग पर आवागमन से बचें। किसी भी स्थिति में हाथियों के करीब जाकर फोटो या वीडियो बनाने का प्रयास न करें














