रायपुर। प्रदेश भर के शिक्षक अपने-अपने जिला मुख्यालयों में आज शिक्षक संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर बड़ी संख्या में एकत्रित हुए और टेट मुक्ति रैली निकालकर मुख्यमंत्री, शिक्षामंत्री, शिक्षासचिव, DPI के नाम समस्त कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। शिक्षक संघर्ष मोर्चा के पांच सूत्रीय मांगों में टेट की अनिवार्यता समाप्त करने, पुरानी सेवा गणना कर पेंशन हित लाभ देने, केंद्रीय वेतनमान प्रदाय कर वेतन विसंगति दूर करने, डीएड प्रशिक्षित शिक्षकों को ब्रिज कोर्स के माध्यम से बीएड कराने और भर्ती पदोन्नति नियम 2026 को निरस्त करने की है।
निकाली गई टेट मुक्ति रैली
शिक्षक संघर्ष मोर्चा के प्रांतीय संचालक वीरेंद्र दुबे और केदार जैन ने रायपुर जिला रैली में और संजय शर्मा ने बिलासपुर के जिला रैली में शामिल होकर प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। बाकि अन्य समस्त जिलों में मोर्चा के तीनों संगठन ( शालेय शिक्षक संघ, टीचर्स एसोशिएशन और संयुक्त शिक्षक संघ) के जिला संचालकों की अगुवाई में टेट मुक्ति रैली निकाली गई।TET की अनिवार्यता को लेकर शिक्षकों में आक्रोश
झमाझम बारिश के बीच भी शिक्षकों की भारी संख्या देखने को मिली। प्रांतीय संचालक वीरेंद्र दुबे ने बताया कि TET की अनिवार्यता को लेकर भारी आक्रोश शिक्षकों में है। हम सभी शिक्षक केंद्र सरकार से इस अध्यादेश को संशोधित कर टेट की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग करते हैं।
वही राज्य के शिक्षकों को केंद्रीय वेतनमान प्रदान कर सभी शिक्षक संवर्गो के वेतन में व्याप्त विसंगतियों को दूर करने की भी मांग की। संविलियन से पूर्व की सेवाओं को जोड़कर समस्त हित लाभ प्रदान किया जावे। ब्रिज कोर्स के माध्यम से डीएड प्रशिक्षित शिक्षको को बीएड कराया जाए।














