छत्तीसगढ़ पुलिस की साइबर जागृति अभियान के तीसरे सप्ताह 30 अगस्त से 05 सितम्बर 2026 तक डिजिटल अरेस्ट और फर्जी कॉल से सुरक्षा

  • गरियाबंद पुलिस द्वारा गाँव – गाँव जाकर वरिष्ठ नागरिकों को डिजिटल अरेस्ट एवं साइबर ठगी से बचाव के लिए जागरूक किया गया।

युवराज सिन्हा,गरियाबंद, 30 अगस्त 2026 वरिष्ठ नागरिकों को बढ़ते साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन ठगी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से गरियाबंद पुलिस द्वारा 30 अगस्त से 05 सितंबर 2026 तक “डिजिटल अरेस्ट एवं फर्जी कॉल से सुरक्षा” विषय पर विशेष साइबर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

अभियान के अंतर्गत जिले के वरिष्ठ नागरिकों के साथ संवादात्मक का आयोजन कर उन्हें डिजिटल अरेस्ट, पुलिस/CBI/ED अथवा अन्य शासकीय अधिकारी बनकर की जाने वाली फर्जी कॉल, वीडियो कॉल के माध्यम से डराने-धमकाने तथा साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों के संबंध में जागरूक किया जाएगा।

कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों को विशेष रूप से बताया गया कि साइबर अपराधी स्वयं को पुलिस अधिकारी, CBI, ED, RBI अथवा अन्य प्रतिष्ठित संस्थाओं का अधिकारी बताकर फोन या वीडियो कॉल करते हैं और गिरफ्तारी, मनी लॉन्ड्रिंग, पार्सल अथवा अन्य फर्जी मामलों का भय दिखाकर पैसे की मांग करते हैं। ऐसे मामलों में घबराने के बजाय सतर्क रहना आवश्यक है।

पुलिस द्वारा नागरिकों को समझाइश दी जाएगी कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, ATM/डेबिट कार्ड संबंधी जानकारी, PIN, CVV, बैंक खाता विवरण, UPI PIN अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने या अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में कोई ऐप डाउनलोड करने से भी बचें।

गरियाबंद पुलिस द्वारा यह स्पष्ट किया जा रहा है कि पुलिस अथवा कोई भी जांच एजेंसी वीडियो कॉल के माध्यम से “डिजिटल अरेस्ट” नहीं करती। यदि किसी व्यक्ति को इस प्रकार की धमकी या संदिग्ध कॉल प्राप्त होती है, तो तत्काल कॉल काटें, किसी प्रकार का भुगतान न करें और घटना की सूचना पुलिस को दें।

साइबर ठगी का शिकार होने की स्थिति में नागरिकों से अपील की गई है कि वे तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं तथा नजदीकी पुलिस थाना/साइबर सेल से संपर्क करें। समय पर शिकायत करने से ठगी की राशि को रोकने एवं वापस प्राप्त करने की संभावना बढ़ जाती है।

गरियाबंद पुलिस अधीक्षक ने जिले के वरिष्ठ नागरिकों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं जागरूक रहें तथा अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों के प्रति सचेत करें। सतर्कता, जागरूकता और समय पर सूचना ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।

Hot Topics

Related Articles