यूथ कांग्रेस चुनाव में जोर-आजमाइश शुरू, गांव-गांव पहुंच रहे नेता

बलौदाबाजार भाटापारा ,यूथ कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव में ऑनलाइन वोटिंग शुरू होते ही जिले की सियासत गरमाने लगी है। चुनाव भले ही युवाओं के संगठन का हो, लेकिन इसमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के गुट भी पूरी ताकत के साथ सक्रिय नजर आ रहे हैं। प्रदेश से लेकर ब्लॉक स्तर तक अपने-अपने समर्थकों को पद दिलाने के लिए नेताओं ने संपर्क अभियान तेज कर दिया है। शहर से लेकर गांवों तक बैठकें हो रही हैं। चुनाव के लिए 30 अगस्त से वोटिंग शुरू हुई है, जो 29 सितंबर तक चलेगी।

चुनाव में वोट डालने और प्रत्याशी बनने के लिए उम्र सीमा 35 वर्ष निर्धारित है। प्रत्येक वोटर को 75 रुपए शुल्क देना होगा। चुनाव शुरू होने के साथ ही शहर में तीन से चार प्रमुख गुटों के सक्रिय होने की चर्चा है। इन गुटों ने संगठन के अलग-अलग पदों पर अपने समर्थकों को मैदान में उतारा है। प्रत्याशियों के प्रचार से ज्यादा जोर वोटरों को अपने पक्ष में करने पर है।

बड़े पदों पर 5 से 7, महासचिव में 12 से 15 दावेदार: यूथ कांग्रेस चुनाव में प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महासचिव, जिला अध्यक्ष, विधानसभा अध्यक्ष, शहर अध्यक्ष, जिला एवं ग्रामीण महासचिव और ब्लॉक अध्यक्ष के पदों पर चुनाव हो रहा है। बड़े पदों के लिए फिलहाल 5 से 7 प्रत्याशी मैदान में बताए जा रहे हैं। वहीं ब्लॉक अध्यक्ष और शहर-ग्रामीण महासचिव पद के लिए दावेदारों की संख्या 12 से 15 तक पहुंच गई है। ऐसे में आने वाले दिनों में प्रचार और संपर्क अभियान और तेज होने की संभावना है।

चुनाव में वोट जुटाने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में अलग-अलग तरह की रणनीति अपनाई जा रही है। 10 से 15 युवाओं के समूह बनाकर सामूहिक रूप से वोट दिलाने की कवायद चल रही है। प्रत्याशियों के समर्थक युवाओं को बड़े नेताओं से सीधे मुलाकात कराने, संगठन में आगे जिम्मेदारी दिलाने और राजनीतिक स्तर पर मजबूत नेटवर्क उपलब्ध कराने का भरोसा दे रहे हैं। यूथ कांग्रेस चुनाव की प्रक्रिया ऑनलाइन होने के बावजूद मैदान में प्रचार पूरी तरह ऑफलाइन नजर आ रहा है। शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में छोटी-छोटी बैठकें की जा रही हैं।

10 से 15 युवाओं का समूह बनाकर उनसे संपर्क किया जा रहा है। बूथ स्तर तक वोटरों की सूची तैयार कर संपर्क साधने की कोशिश हो रही है। प्रदेश स्तर के नेताओं के फोन भी स्थानीय युवा कार्यकर्ताओं तक पहुंच रहे हैं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुमित्रा घृतलहरे ने चुनाव में गुटबाजी से इनकार किया है। उनका कहना है कि यह स्वस्थ प्रतिस्पर्धा है।

प्रदेश अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर बलौदाबाजार में खास दिलचस्पी देखी जा रही है। बलौदाबाजार जिला पंचायत सदस्य शैलेन्द्र बंजारे प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए मैदान में हैं। उनके पक्ष में भिलाई विधायक देवेन्द्र यादव और यूथ कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा खुलकर प्रचार कर रहे हैं। क्षेत्र के एक पूर्व मंत्री के भी उन्हें अप्रत्यक्ष समर्थन की चर्चा है। वहीं शैलेन्द्र बंजारे के मुकाबले रायपुर जिले के युवा नेता सतेन्द्र चेलक भी चुनाव मैदान में हैं। प्रदेश अध्यक्ष पद की लड़ाई संगठनात्मक चुनाव तक सीमित नहीं दिख रही, अलग-अलग खेमों की ताकत भी दिखाई दे रही है।


Hot Topics

Related Articles