सरैया के तालाब में मिली युवक की लाश, पुलिस जांच में जुटी

संदीप यादव मुंगेली/लोरमी। तखतपुर क्षेत्र के ग्राम सरैया में एक युवक की लाश तालाब में मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने जीरो में मर्ग कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार ग्राम सरैया निवासी मनय (32) पिता मदन राजपूत रविवार सुबह करीब 8:30 बजे घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। दोपहर करीब 2:30 बजे परिजन और ग्रामीण उसे तलाशते हुए ग्राम के तराबांध तालाब के पास पहुंचे, जहां युवक अचेत अवस्था में मिला। तालाब के दूसरी ओर नाले के पास उसकी बाइक खड़ी थी। वहीं तालाब के पास चप्पल मिलने से परिजनों को शंका हुई।

ग्रामीणों और परिजनों ने युवक को तत्काल लोरमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शाम करीब 4:30 बजे अस्पताल के मेमो के आधार पर पुलिस ने जीरो में मर्ग कायम किया। घटना जूनापारा चौकी क्षेत्र की होने के कारण मामले को विवेचना के लिए वहां भेजा जाएगा। युवक की मौत किन परिस्थितियों में और कैसे हुई, यह जांच का विषय है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।

Hot Topics

Related Articles