महासमुंद : बसना में खैर लकड़ी तस्करी के कथित सरगना की गिरफ्तारी को लेकर जमकर हंगामा हो गया। रायगढ़ पुलिस जूटमिल थाना क्षेत्र में वर्ष 2025 में दर्ज तस्करी के एक मामले में आरोपी मनीष अग्रवाल को गिरफ्तार करने पहुंची थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की लंबे समय से तलाश की जा रही थी।
पुलिस टीम जब आरोपी को अपने साथ लेकर रवाना होने लगी, तो परिजनों ने गिरफ्तारी का विरोध शुरू कर दिया। विरोध के दौरान एक महिला परिजन पुलिस वाहन को रोकने के लिए गाड़ी की बोनट पर चढ़कर बैठ गई।
देखते ही देखते पुलिस और परिजनों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई, जो बाद में धक्का-मुक्की में बदल गई। इस दौरान एक महिला पुलिसकर्मी के सिर में चोट लगने की जानकारी सामने आई है।
हालांकि, पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए आरोपी मनीष अग्रवाल को अपने साथ ले जाने में कामयाबी हासिल की। फिलहाल मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी है।








