संदीप यादव मुंगेली/सरगांव। मुंगेली जिले के सरगांव थाना क्षेत्र में गौ तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कुछ दिन पूर्व सरगांव प्रखंड में गौ वंश से भरी एक तेज रफ्तार वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई।
वाहन पलटने की सूचना मिलते ही विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के कार्यकर्ता तत्काल मौके पर पहुंचे। मौके पर कई गौ वंश मृत अवस्था में पड़े मिले, जबकि वाहन चालक और तस्कर वाहन छोड़कर फरार हो चुके थे। आशंका है कि यह संगठित गौ तस्कर गिरोह का काम है।
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने तत्काल इसकी सूचना सरगांव पुलिस को दी।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल
घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस द्वारा कोई ठोस और संतोषजनक कार्रवाई नहीं किए जाने से गौ भक्तों और स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आज बजरंग दल के जिला संयोजक हीरा साहू के नेतृत्व में बजरंग दल के प्रतिनिधिमंडल ने सरगांव थाना प्रभारी से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया और त्वरित कार्रवाई की मांग की।
थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया कि गौ तस्करी से जुड़े एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है, जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा।
बजरंग दल जिला मुंगेली ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द दोषियों पर कठोर कार्रवाई नहीं हुई और गिरोह को जड़ से खत्म नहीं किया गया तो बजरंग दल सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। संगठन ने प्रशासन से जिले में गौ तस्करी पर पूर्ण प्रतिबंध और गौ माता की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।








