संदीप यादव मुंगेली। सरगांव सड़क पर बेसहारा और घुमंतू पशुओं की बढ़ती संख्या जहां आए दिन दुर्घटनाओं का कारण बन रही है, वहीं ग्राम धरदेई ने गौ सेवा संकल्प अभियान के तहत 180 निराश्रित एवं घुमंतू पशुओं को गोद लेकर देवदूत जैसी मिसाल पेश की है।
ग्राम सरपंच, उपसरपंच, पंचगण और ग्रामीणों ने सामूहिक पहल करते हुए इन पशुओं के संरक्षण और सेवा की जिम्मेदारी उठाई है। ग्रामीणों की यह पहल केवल पशु संरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उस मानवीय संवेदना का परिचायक है जिसमें गांव ने समस्या को देखने के बजाय उसके समाधान की जिम्मेदारी अपने कंधों पर उठाने का संकल्प लिया है।
इस पुनीत पहल में भाजपा पथरिया मंडल उपाध्यक्ष सनत बरगाह, सुकलाल ध्रुव, श्रीराम साहू, अशोक बरगाह, प्रदीप बरगाह, मनहरण बरगाह, विनोद गंधर्व, अभय बरगाह, जगदीश बरगाह, कमल देवांगन, उमेश साहू, गोले बरगाह, विश्राम बरगाह, राजकुमार बरगाह, सनत साहू और राधेराम साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उपस्थित होकर अपना योगदान दिया।
अन्य गांव भी पहल करें तो मिलेगा व्यापक लाभ: सरपंच
ग्राम सरपंच त्रिवेणी सनत बरगाह ने कहा कि यदि आसपास के अन्य गांव भी इसी तरह निराश्रित पशुओं को गोद लेकर उनकी सेवा और संरक्षण की जिम्मेदारी उठाएं, तो इसका व्यापक लाभ किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिल सकता है। इससे बेहतर नस्ल के पशुओं के संरक्षण के साथ दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।








