कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में नेशनल हाईवे-30 की खराब स्थिति देखकर उप मुख्यमंत्री और कवर्धा विधायक विजय शर्मा का काफिला अचानक रुक गया। सड़क पर जगह-जगह जलभराव, जर्जर हिस्से और वाहनों की लंबी कतार देखकर विजय शर्मा खुद वाहन से उतरकर मौके पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क की मौजूदा हालत को देखते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को तत्काल आवश्यक सुधार और व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उप मुख्यमंत्री के अचानक मौके पर पहुंचने से अधिकारियों में भी सक्रियता दिखाई दी।जानकारी के अनुसार पिछले दो दिनों से कवर्धा जिले में लगातार तेज बारिश हो रही है। इसके चलते रायपुर-जबलपुर मार्ग यानी NH-30 पर कई स्थानों पर पानी भर गया है। सड़क के कुछ हिस्से पहले से ही खराब स्थिति में थे, वहीं बारिश के बाद हालात और बिगड़ गए। जलभराव और गड्ढों के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। छोटे वाहनों के साथ-साथ बड़े वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। हाईवे पर कई जगह वाहनों की लंबी कतारें लगने से यातायात व्यवस्था भी प्रभावित नजर आई।इसी मार्ग से गुजर रहे उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सड़क की स्थिति देखकर अपना काफिला रुकवाया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर जलभराव वाले हिस्सों और खराब सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से जानकारी ली और कहा कि आम लोगों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। बारिश के कारण जहां भी सड़क पर समस्या उत्पन्न हुई है, वहां तत्काल सुधार कार्य कराया जाए।








