सेवा संकल्प अभियान को लेकर भाटापारा भाजपा कार्यालय में प्रेसवार्ता

भाटापारा। भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किए जाने वाले सेवा संकल्प अभियान को लेकर आज भाटापारा स्थित भाजपा कार्यालय में प्रेसवार्ता आयोजित की गई। प्रेसवार्ता में प्रदेश मंत्री भाजपा अमित साहू के साथ पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता शिवरतन शर्मा सम्मिलित होकर संबोधित किए।

इस अवसर पर वक्ताओं ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 अक्टूबर को संवैधानिक प्रमुख के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण कर रहे हैं। इस गौरवमयी अवसर पर भाजपा द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा।

प्रेसवार्ता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए परिवर्तन और जनकल्याणकारी कार्यों पर प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि मोदी सरकार ने देश की सोच बदली है तथा अंतिम गांव को पहला गांव बनाने का कार्य किया है। गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी यानी GYAN को केंद्र में रखकर 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर लाने तथा नक्सलवाद और आतंकवाद पर निर्णायक प्रहार करने जैसे कार्यों का उल्लेख किया गया।

अभियान के अंतर्गत रक्तदान शिविर, आशीर्वाद का दिया, सेवा ज्योति कलश यात्रा, वडनगर से बनारस तक युवा सेवा यात्रा तथा 1000 स्थानों पर विकसित भारत 2047 का संकल्प जैसे विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भाजपा नेताओं ने सभी नागरिकों से जनसेवा के इस महायज्ञ में सहभागी बनने का आह्वान किया।

प्रेसवार्ता के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष आनंद यादव, वरिष्ठ भाजपा नेता राकेश तिवारी, जिला उपाध्यक्ष सुनील यदु एवं जिला कोषाध्यक्ष नंद किशोर अग्रवाल सहित पार्टी के अन्य कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Hot Topics

Related Articles