रमेश सलाम ,कोंडागांव, 14 सितंबर 2026।आम आदमी पार्टी विधानसभा क्षेत्र नारायणपुर के विधानसभा अध्यक्ष मानसिंग नेताम ने हड़ेली से बेचा मार्ग के निर्माण में हो रही अत्यधिक देरी और सड़क की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं।

उपलब्ध जानकारी के अनुसार हड़ेली-बेचा मार्ग की लंबाई 17.50 किलोमीटर है, जिसकी स्वीकृत लागत 817.39 लाख रुपये बताई गई है। कार्य प्रारंभ होने की तिथि 06 अक्टूबर 2023 तथा निर्धारित पूर्णता तिथि 05 जुलाई 2024 थी। ठेकेदार द्वारा 5 वर्ष की गारंटी अवधि दी गई है। निर्माण एजेंसी मेसर्स लक्ष्मी अभिषेक इंफ्रा. एलएलपी, जगदलपुर तथा कार्यपालन अभियंता श्री ए.आर. मरकाम बताए गए हैं।
AAP का सीधा सवाल है कि जब 17.50 किलोमीटर सड़क का कार्य निर्धारित समय के अनुसार जुलाई 2024 तक पूरा होना था, तो निर्धारित समय सीमा बीतने के बाद भी सड़क का निर्माण पूरी तरह क्यों नहीं हुआ? दो वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पुल-पुलियों का निर्माण अधूरा क्यों है और सड़क का काम अब तक पूरा क्यों नहीं किया गया?
AAP विधानसभा अध्यक्ष मानसिंग नेताम ने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर सड़क निर्माण के नाम पर केवल लीपापोती की जा रही है। डामरीकरण की परत कई जगह बेहद कमजोर और पतली दिखाई दे रही है तथा डामर के स्थान पर गिट्टी स्पष्ट दिखाई देने की शिकायत है। यदि सड़क निर्माण की गुणवत्ता निर्धारित मापदंडों के अनुरूप है तो इसकी स्वतंत्र तकनीकी जांच कराकर रिपोर्ट जनता के सामने रखी जानी चाहिए।
मानसिंग नेताम ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में राजनीतिक संरक्षण के कारण ठेकेदारों को मनमानी करने का अवसर मिल रहा है और इसी वजह से सरकारी निर्माण कार्यों में देरी तथा गुणवत्ता से समझौते की स्थिति बन रही है। उन्होंने कहा कि इन आरोपों की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
- आम आदमी पार्टी की प्रमुख मांगें:
1. 17.50 किलोमीटर सड़क के निर्माण में हुई देरी का कारण सार्वजनिक किया जाए।
2. निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय तकनीकी एवं गुणवत्ता जांच कराई जाए।
3. अधूरी पुल-पुलियों एवं सड़क का कार्य तत्काल पूरा कराया जाए।
4. सड़क की मोटाई, डामर एवं उपयोग की गई निर्माण सामग्री की जांच कराई जाए।
5. अनियमितता पाए जाने पर ठेकेदार एवं जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
6. निर्माण की 5 वर्ष की गारंटी अवधि के तहत सड़क की गुणवत्ता की जिम्मेदारी सुनिश्चित की जाए।
आम आदमी पार्टी स्पष्ट करती है कि जनता के 817.39 लाख रुपये की लागत से बन रही सड़क में किसी भी प्रकार की लापरवाही या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जनता को यह जवाब मिलना चाहिए कि निर्धारित समय में पूरा होने वाला कार्य वर्षों बाद भी अधूरा क्यों है।








