साल्हेघोरी राशन दुकान चोरी का खुलासा: 5 बोरी चावल बरामद, 2 आरोपी गिरफ्तार, एक पहले से जेल में

संदीप यादव मुंगेली। जिले के ग्राम साल्हेघोरी में शासकीय उचित मूल्य की दुकान में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में साइबर सेल और चौकी डिंडौरी पुलिस की संयुक्त टीम ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गए 5 बोरी चावल बरामद किए हैं।

मामला 28 अगस्त का है। ग्राम साल्हेघोरी निवासी विक्रेता जलेश्वर साहू ने चौकी डिंडौरी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 27 अगस्त शाम 6 बजे राशन बांटने के बाद दुकान में ताला लगाकर घर चला गया था। अगले दिन सुबह 6:40 बजे देखा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और अंदर रखे 5 बोरी चावल गायब थे। जिसकी कीमत 13,724 रुपये आंकी गई। रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 119/2026 धारा 331(4), 305(3), 317(2), 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।

एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की पतासाजी और शत-प्रतिशत बरामदगी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला और डीएसपी माधुरी धिरही के मार्गदर्शन में टीम गठित की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सारधा निवासी रामानंद अहिरवार इस चोरी में शामिल है। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने बताया कि 28 अगस्त की रात उसने अपने साथी राजेश सारथी के साथ मिलकर HF Deluxe मोटरसाइकिल CG 28 E 4456 से साल्हेघोरी राशन दुकान में चोरी की थी और चोरी का चावल गोंड खाम्ही निवासी अनिल साहू को बेच दिया था।

पुलिस ने अनिल साहू के कब्जे से 5 बोरी चावल बरामद कर लिया। आरोपी रामानंद अहिरवार (27) पिता ननकुराम अहिरवार निवासी सारधा और अनिल साहू (30) पिता बालाराम साहू निवासी गोंड खाम्ही को 13-14 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। तीसरा आरोपी राजेश सारथी पहले से ही बिलासपुर जेल में बंद है, जिस पर अलग से कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी सत्येंद्रपुरी गोस्वामी, चौकी प्रभारी मान सिंह सहित पूरी टीम की अहम भूमिका रही।

Hot Topics

Related Articles