विश्वनाथ देवांगन , राजनांदगांव ।आज राजनांदगांव में भीम आर्मी भारत एकता मिशन के द्वारा फुलझर गांव के ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर जय स्तंभ चौक से कलेक्टर कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला गया। पैदल मार्च के बाद भीम आर्मी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर जनदर्शन में पहुंचकर ग्रामीणों की शिकायतों से जुड़ा ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में फुलझर गांव में स्थित न्यू लुक बायोफ्यूल्स प्राइवेट लिमिटेड के प्लांट से निकलने वाले प्रदूषित धुएं से ग्रामीणों को परेशानी होने का आरोप लगाया गया है। भीम आर्मी का कहना है कि प्लांट से निकलने वाले धुएं के कारण ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर विपरीत असर पड़ रहा है। शिकायत में घरों में चिपचिपे पदार्थ और राख जमा होने के साथ-साथ पानी और आसपास के वातावरण के प्रदूषित होने की बात भी कही गई है।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि प्रदूषण का असर कृषि और फसलों पर पड़ रहा है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और पर्यावरण प्रदूषण की स्थिति की जांच रिपोर्ट तत्काल उपलब्ध कराने की मांग की है।
भीम आर्मी ने अपनी प्रमुख मांगों में संबंधित कंपनी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने, प्रदूषण नियंत्रण होने तक गतिविधियों पर रोक लगाने, प्रभावित ग्रामीणों के पेयजल की जांच कर स्वच्छ पानी उपलब्ध कराने और प्रदूषण से प्रभावित किसानों की फसलों तथा स्वास्थ्य को हुए नुकसान का उचित मुआवजा दिलाने की मांग रखी है।ज्ञापन में पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 और जलवायु प्रदूषण निवारण संबंधी प्रावधानों का हवाला देते हुए प्रशासन से इस मामले में जल्द कार्रवाई की मांग की गई है। भीम आर्मी ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन द्वारा उचित कार्रवाई नहीं की जाती है, तो ग्रामीणों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन और कानूनी कार्रवाई का रास्ता अपनाया जाएगा








