संदीप यादव मुंगेली। विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश जी आज पूरे मुंगेली जिले में धूमधाम से विराजमान हो गए हैं। गणेश चतुर्थी के पावन पर्व पर शहर से लेकर गांव तक भक्तिमय माहौल है। जगह-जगह आकर्षक पंडाल सजाए गए हैं और सुबह से ही पूजा-अर्चना का दौर जारी है।
शहर के प्रमुख स्थानों दाऊपारा, गोल बाजार, पुराना बस स्टैंड, पंडरिया रोड, बिलासपुर रोड , बड़ाबाजार, पुलपारा सहित सैकड़ों गणेश जी की भव्य प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। इस बार कई समितियों ने अलग-अलग थीम पर पंडाल सजाए हैं। कहीं चंद्रयान की झलक तो कहीं अयोध्या राम मंदिर की प्रतिकृति आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
ढोल-नगाड़ों के साथ निकली शोभायात्रा
गणेश स्थापना के लिए सुबह से ही श्रद्धालु ढोल-नगाड़े और डीजे की धुन पर नाचते-गाते हुए प्रतिमा लेने पहुंचे। “गणपति बप्पा मोरया” के जयकारों से पूरा शहर गूंज उठा। महिलाओं और बच्चों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
प्रशासन ने किए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
त्योहार को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। संवेदनशील पंडालों में पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। कलेक्टर और एसपी ने सभी समितियों से शांति और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की है। साथ ही बिजली विभाग को भी अलर्ट पर रखा गया है।
10 दिनों तक चलेगा उत्सव
जिले में गणेश उत्सव अगले 10 दिनों तक चलेगा। इस दौरान रोजाना आरती, भजन-कीर्तन, हवन और भंडारे का आयोजन किया जाएगा। अनंत चतुर्दशी के दिन विसर्जन के साथ इस महापर्व का समापन होगा।
नोट-गणेश समिति के सदस्यों ने बताया कि इस बार पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए मिट्टी की ईको-फ्रेंडली गणेश प्रतिमाओं को ज्यादा महत्व दिया गया है।








