हथबंद: धूल, कीचड़ और बड़े बड़े गड्ढों से जर्जर बलौदाबाजार-रिसदा-सुहेला-हथबंद-सिमगा मार्ग पर सफर करने वाले लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है।कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने बताया कि एक अक्टूबर से सड़क निर्माण कार्य शुरू कलेक्टर कुलदीप शर्मा। होगा और दिसंबर अंत तक करीब 50 किलोमीटर सड़क का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य है।
कलेक्टर ने पत्रकारों से चर्चा में कहा कि बारिश के दौरान सड़क की मरम्मत लगातार कराई गई, लेकिन तीन-चार दिन में स्थिति फिर खराब हो जाती थी। स्थायी समाधान के लिए निर्माण कार्य शुरू किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मार्ग की स्वीकृति और टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। फिलहाल सड़क सात मीटर चौड़ी बनाई जाएगी। फोरलेन के संबंध में अभी कोई आश्वासन देना उचित नहीं होगा।
इस मार्ग पर कई बड़े सीमेंट संयंत्र और अन्य औद्योगिक इकाइयां हैं। भारी और ओवरलोड वाहनों के कारण सड़क को नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है। कलेक्टर ने कहा कि संयंत्रों के गेट पर निगरानी कैमरे लगाकर ओवरलोड परिवहन पर अंकुश लगाया जाएगा। जिप्सम, कोयला, क्लिंकर और वेस्ट मटेरियल को ढंककर परिवहन कराने के निर्देश भी दिए जाएंगे। डीएमएफ राशि के संबंध में उन्होंने बताया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और स्वच्छता को प्राथमिकता दी जाती है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में सिमगा विकासखंड के संयंत्रों से करीब 55 करोड़ और जिले में लगभग 455 करोड़ रुपये डीएमएफ राशि प्राप्त हुई है। इसी फंड से विभिन्न स्कूलों में मानसेवी शिक्षकों की नियुक्ति भी की गई है।








