किसानों के सिंचाई पंपों से पैनल बोर्ड और केबल चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार

भाटापारा। थाना भाटापारा ग्रामीण पुलिस ने किसानों के सिंचाई पंपों से पैनल बोर्ड एवं केबल वायर चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की मुस्तैदी और सघन छानबीन के चलते क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ।

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने क्षेत्र के 11 से अधिक किसानों के मोटर पंपों से केबल वायर एवं पैनल बोर्ड चोरी करने की वारदातों को अंजाम दिया था। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद थाना भाटापारा ग्रामीण पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घटनास्थलों की जांच और संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी।

सघन जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे, जिसके आधार पर दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों द्वारा किसानों के सिंचाई पंपों से पैनल बोर्ड और केबल वायर चोरी करने की बात सामने आई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का मशरूका एवं वारदात से संबंधित भौतिक साक्ष्य बरामद कर जब्त किए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभम साहू (20 वर्ष), पिता कमलेश साहू, निवासी ग्राम तरेंगा, थाना भाटापारा ग्रामीण तथा बिरेन्द्र माण्डले (20 वर्ष), पिता राजेन्द्र माण्डले, निवासी ग्राम खमरिया, थाना भाटापारा ग्रामीण के रूप में हुई है।

पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मामले में चोरी की अन्य घटनाओं और आरोपियों के संभावित सहयोगियों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है

Hot Topics

Related Articles