शिक्षा जगत शर्मसार : जांजगीर-चांपा के सरकारी स्कूल में नशे की हालत में पहुंचा शिक्षक, क्लासरूम में टेबल के नीचे बेसुध पड़ा रहा, देखें वीडियो

जांजगीर-चांपा।छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से शिक्षा व्यवस्था को कटघरे में खड़ा करने वाली एक बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां बलौदा विकासखंड के परसदा स्थित संजय नगर नवीन प्राथमिक शाला में पदस्थ एक शिक्षक कथित तौर पर अत्यधिक नशे की हालत में स्कूल पहुंच गया। स्कूल के भीतर शिक्षक की इस बदहाली का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि शिक्षक ललित भारद्वाज जब क्लासरूम में पहुंचे, तो वे अपनी कुर्सी पर बैठने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन तभी अचानक असंतुलित होकर टेबल के नीचे गिर पड़े और काफी देर तक वहीं बेसुध पड़े रहे।अपने शिक्षक की ऐसी विचित्र और डरावनी हालत देखकर क्लासरूम में पढ़ रहे मासूम बच्चे बुरी तरह सहम गए। दहशत के मारे बच्चे क्लास से बाहर निकल आए और भागते हुए अपने घरों को जाकर परिजनों को पूरी बात बताई। बच्चों की बात सुनते ही बड़ी संख्या में आक्रोशित ग्रामीण और अभिभावक स्कूल परिसर पहुंच गए। ग्रामीणों का कहना है कि मास्टर साहब करीब डेढ़ से दो घंटे तक इसी तरह टेबल के नीचे ही पड़े रहे, और बाद में जब उन्हें थोड़ा होश आया, तो वे जमीन पर बैठकर अजीबोगरीब ढंग से बड़बड़ाने लगे।ग्रामीणों ने स्कूल के भीतर शिक्षक की इस करतूत का पूरा वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया और इसे इंटरनेट पर साझा कर दिया। इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा है और उन्होंने स्कूल की बदहाल व्यवस्था पर गंभीर चिंता जताई है। ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों से इस मामले की जांच कर आरोपी शिक्षक ललित भारद्वाज के खिलाफ तत्काल सख्त दंडात्मक कार्रवाई और निलंबन की मांग की है।

Hot Topics

Related Articles