कोरबा (छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है. श्यांग थाना क्षेत्र के बरपाली गांव में एक युवक ने अपनी लिव-इन पार्टनर की बेरहमी से हत्या कर दी और साक्ष्य छुपाने के लिए शव को घर के ही सेप्टिक टैंक में डालकर ढक्कन बंद कर दिया. इस खौफनाक हत्याकांड का खुलासा तब हुआ, जब मृतका रक्षाबंधन के त्योहार पर अपने भाइयों को राखी बांधने मायके नहीं पहुंची।
रक्षाबंधन से एक दिन पहले हुआ था विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतका की पहचान संतोषी उरांव (35 वर्ष) के रूप में हुई है. संतोषी के पहले पति की करीब 15 साल पहले मौत हो चुकी थी, जिसके बाद वह पिछले दो वर्षों से आरोपी मनोज उरांव के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी।
भाई को गुमराह करता रहा आरोपी
अगले दिन रक्षाबंधन पर जब संतोषी अपने मायके नहीं पहुंची, तो उसके भाइयों ने मनोज से संपर्क किया। शातिर आरोपी मनोज ने उन्हें गुमराह करते हुए झूठ बोला कि संतोषी एक दिन पहले ही मायके के लिए निकल चुकी है। इसके बाद वह खुद भी परिजनों के साथ रिश्तेदारों के यहां संतोषी को खोजने का नाटक करता रहा। जब परिजनों का शक बढ़ने लगा, तो आरोपी मनोज ‘खोजबीन करने’ का बहाना बनाकर गांव से फरार हो गया।
बंद घर से आ रही बदबू ने खोला राज
जब कई दिनों तक मनोज और संतोषी दोनों का कोई सुराग नहीं मिला, तो शनिवार (19 सितंबर) को संतोषी का भाई रामभरोस और अन्य परिजन बरपाली स्थित उनके घर पहुंचे। घर पर ताला लटका हुआ था और आंगन व पीछे के हिस्से से भीषण दुर्गंध आ रही थी। जब परिजनों ने पीछे जाकर देखा तो सेप्टिक टैंक का ढक्कन आधा खुला हुआ था। संदेह गहराने पर परिजनों ने तुरंत श्यांग थाना पुलिस को सूचित किया।
पुलिस की कार्रवाई और जांच जारी
सूचना मिलते ही श्यांग थाना प्रभारी लक्ष्मण खूंटे पुलिस बल और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जब सेप्टिक टैंक को खोला गया, तो उसमें से संतोषी उरांव का सड़ा-गला शव बरामद हुआ।फरार मुख्य आरोपी मनोज की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।








