बिलासपुर:- बिलासपुर नगर निगम स्मार्ट सिटी का क्या मतलब है। स्मार्ट सिटी के अब तक क्या-क्या काम पूरे हुए हैं। ट्रैफिक व्यवस्था खराब स्थिति में है, रोड के दोनों ओर जहां फुटपाथ है, वहां अवैध कब्जा है। अवैध निर्माण हो रहा है, इसमें अब तक क्या-क्या कार्रवाई की गई है। यह सवाल वार्ड क्रमांक तीन की पार्षद किरण टंडन रखेंगी। साफ है कि विकास और अव्यवस्था का मुद्दा जमकर उठने वाला है। इसी तरह से शहर विकास और समस्याओं को लेकर प्रश्नों की झड़ी इस बार के सामान्य सभा में पार्षद लगाने वाले हैं। ऐसे में प्रश्नकाल के पहले घंटे में तीखे सवालों के बीच जमकर हंगामा देखने को मिलेगा। सभा में 28 पार्षद 56 सवाल उठाएंगे
25 सितंबर को लखीराम अग्रवाल आडिटोरियम में होने वाली नगर निगम सामान्य सभा के लिए इस बार पार्षद 56 सवाल उठाने वाले हैं। निगम के 70 पार्षदों और एल्डरमैनों की ओर से सवाल पूछे जाएंगे। इन सवालों में जनहित से जुड़ी बातें कम, व्यक्तिगत जानकारियां हासिल करने की कोशिश पार्षदों ने की है। इसके अलावा सड़क, बिजली, पानी, जलभराव, डोर टू डोर कचरा कलेक्शन का नियमित न होना, अवैध प्लाटिंग, सड़क व फुटपाथ पर अतिक्रमण, वार्डों की उपेक्षा के सवाल भी हैं। सामान्य सभा से पहले सभी विभागों के अधिकारियों को पार्षदों द्वारा पूछे जाने वाले सवालों के जवाब तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रश्नकाल में होगा हंगामा
निगम की सामान्य सभा में सवाल पूछे जाने का पहला घंटा काफी मायने रखता है। इस एक घंटे के दौरान ही पार्षद अपने वार्ड के साथ शहर में लटके हुए विकास कार्यों से संबंधित सवालों की झड़ी लगाते हैं। इस पहले घंटे में जमकर हंगामा होता है। इसलिए सामान्य सभा से सप्ताह भर पहले ही पार्षद अपने प्रश्न तैयार कर नगर निगम सचिव के समक्ष सभापति के नाम से सौंपते हैं, ताकि सामान्य सभा से पहले जवाब तैयार किया सके। इस बार सभापति विनोद सोनी ने 25 सितंबर को सामान्य सभा बुलाई है। पूछे गए प्रश्नों के अवलोकन से यह तो साफ है कि सभा का पहला घंटा हंगामे से भरा रहेगा।
पक्ष-विपक्ष मिलकर लगाते हैं सवालों की झड़ी
पहले घंटे में पक्ष-विपक्ष के बीच विरोध कम देखा जाता है। अक्सर पूछे गए सवालों को लेकर कई बार पक्ष-विपक्ष मिलकर हंगामा करते हैं, क्योंकि पार्षद भाजपा का हो या फिर कांग्रेस का, उनके वार्ड में समस्या रहती है और वार्डवासियों का सामना उन्हें करना पड़ता है, ऐसे में अधूरे कार्यों को पूरा कराने का प्रयास रहता है।
ये हैं प्रमुख प्रश्न
– गुरुनानक चौक छठघाट पुल तक का रोड अत्यंत जर्जर है और गणेश, नवरात्रि में विसर्जन के दौरान धूल-डस्ट से लोगों को हो रही कठिनाई का समाधान कब तक किया जाएगा?
– 70 वार्डों में डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन अनियमित होने (2-3 दिन गाड़ी न आने) तथा प्रस्तावित नवीन सालिड वेस्ट-प्रोसेसिंग प्लांट की वर्तमान स्थिति और क्षमता की जानकारी?
– जतिया तालाब की सुंदरीकरण पर 8 करोड़ रुपये खर्च के बाद भी रखरखाव न होने से खराब स्थिति में है, इसके लिए क्या किया जा रहा है?
– वार्ड क्र. 47 स्थित मुक्तिधाम जाने के लिए 10 फीट चौड़े रास्ते का निर्माण पिछले 10 वर्षों से मांग के बावजूद क्यों नहीं किया गया?
– जलजीवन मिशन के अंतर्गत स्वीकृत कार्य कब तक पूर्ण कर लिया जाएगा?
– स्मार्ट सिटी के तहत हुए कार्यों की स्थिति, ट्रैफिक व्यवस्था की स्थिति क्या है?
ये पार्षद पूछेंगे सवाल
नेता प्रतिपक्ष भरत कश्यप, पुष्पेंद्र साहू, बंधू मौर्य, मोतीलाल गंगवानी, योगेश बोले, सुनील सोनकर, मनोरमा यादव, प्रीतेश कुमार सोनी, रीता कश्यप, लक्ष्मी यादव, रानी देवांगन, मनहरण लाल कौशिक, किरण टंडन, दिलीप पाटिल, मोहन श्रीवास, इब्राहिम खान, कमला पटेल, राजेश दूसेजा, संतोषी बघेल, मोहम्मद आजम, कुसुम कोशले, दिलीप कोरी, सीमा सिंह, सूर्य किशोर राज, अंचल दुबे, हेमंत मरकाम, कार्तिक यादव, अनिता कश्यप, अमित भारते, जय वाधवानी सवाल करेंगे।








