महानदी पुल पर पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौत

अभनपुर। गोबरा नवापारा के महानदी पुल पर मंगलवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राजिम से नवापारा की ओर बाइक से जा रहे दो युवकों को पीछे से आ रही पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार एक युवक पुल से नीचे जा गिरा, जबकि उसका साथी पुल पर ही दूर जा गिरा। हादसे में गंभीर रूप से घायल एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।

जानकारी के मुताबिक राजिम निवासी देवेंद्र उर्फ गुड्डू शर्मा और सुनील जैन बाइक पर सवार होकर नवापारा की ओर जा रहे थे। जैसे ही दोनों महानदी पुल पर पहुंचे, पीछे से आ रही एक पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि देवेंद्र उर्फ गुड्डू शर्मा बाइक से उछलकर पुल के नीचे जा गिरे। वहीं सुनील जैन पुल पर ही दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। अचानक हुए हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और डायल 112 की टीम को दी।सूचना मिलने के बाद डायल 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को बचाव के बाद नवापारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद देवेंद्र उर्फ गुड्डू शर्मा को मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे में घायल सुनील जैन की स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। उनका इलाज जारी है।

 

 

 

 

 

Hot Topics

Related Articles