धमतरी। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) का बड़ा अधिकारी बनकर घर में घुसने और गोली मारने की धमकी देकर लाखों रुपये का सामान ले जाने के मामले में धमतरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिविल लाइन रुद्री पुलिस ने मामले में फरार चल रहे आरोपी हितेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को 22 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी ने थाना सिविल लाइन रुद्री में शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ आरोपी खुद को एंटी करप्शन ब्यूरो का बड़ा अधिकारी बताते हुए उसके घर में अनधिकृत रूप से घुस आए। आरोपियों ने प्रार्थी को गोली मारने की धमकी दी और घर में रखे लैपटॉप, वनप्लस पैड और 8 मोबाइल फोन अपने साथ ले गए। चोरी किए गए सामान की कुल कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है। शिकायत के आधार पर थाना सिविल लाइन रुद्री में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान मामले में धारा 335 और 309(4) बीएनएस भी जोड़ी गई।मामले में पुलिस ने इससे पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें रामचंद देवांगन (40 वर्ष) निवासी जल विहार कॉलोनी, रुद्री और नागेंद्र पटेल (34 वर्ष) निवासी पटना, जिला कोरिया शामिल हैं। दोनों को 29 नवंबर 2025 को विधिवत गिरफ्तार किया गया था।








