राजनांदगांव: गणेश विसर्जन को लेकर पुलिस अलर्ट, चप्पे-चप्पे पर 800 जवान के साथ 4 ड्रोन से होगी निगरानी

राजनांदगांव। गणेश विसर्जन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए राजनांदगांव पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था तैयार की है। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में पुलिस मुख्यालय से मिले अतिरिक्त बल सहित करीब 800 पुलिस जवानों को शहर, विसर्जन मार्ग, संवेदनशील क्षेत्रों, बाहरी मार्गों और विसर्जन स्थलों पर तैनात किया गया है। जमीन पर पुलिस बल की मौजूदगी के साथ 4 ड्रोन, 10 निगरानी मचान, सीसीटीवी और विशेष निगरानी दलों के जरिए शहर की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।

कानून-व्यवस्था के साथ अपराध नियंत्रण पर भी फोकस

विसर्जन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर को अलग-अलग क्षेत्रों में बांटकर अधिकारियों और पुलिस बल की जिम्मेदारी तय की गई है। बाहरी गश्त, मोटरसाइकिल गश्त, स्थिर पुलिस प्वाइंट और त्वरित कार्रवाई दल लगातार सक्रिय रहेंगे। किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचने के लिए अतिरिक्त बल को भी तैयार रखा गया है।

शहर के लॉज, होटल और ढाबों की भी जांच की जाएगी। बाहरी क्षेत्रों और प्रमुख मार्गों पर पुलिस की निगरानी रहेगी। आसूचना संकलन दल संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों से संबंधित सूचनाएं जुटाकर अधिकारियों तक पहुंचाएगा।

चेन स्नेचिंग और चोरी रोकने सादे कपड़ों में पुलिस

विसर्जन के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर होने वाली चेन स्नेचिंग, मोबाइल व पर्स चोरी और जेब कटने जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष दल लगाए गए हैं। भीड़भाड़ वाले स्थानों, संकरे मार्गों, पार्किंग क्षेत्रों और प्रमुख आवागमन बिंदुओं पर सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।

4 ड्रोन और 10 निगरानी मचान से हवाई निगरानी

शहर के 10 प्रमुख स्थानों पर निगरानी मचान बनाए गए हैं। यहां से भीड़ और गतिविधियों पर ऊंचाई से नजर रखी जाएगी। इसके अलावा 4 ड्रोन के माध्यम से झांकी मार्ग, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों की हवाई निगरानी की जाएगी। ड्रोन से मिलने वाली महत्वपूर्ण सूचनाओं को संबंधित मैदानी टीमों तक तत्काल पहुंचाया जाएगा।

झांकियों के संचालन के लिए विशेष व्यवस्था

घने और संकरे पुराने शहर के मार्ग को देखते हुए झांकियों के संचालन की विशेष व्यवस्था की गई है। सभी झांकियां निर्धारित एकत्रीकरण स्थल पर एकत्रित होंगी। प्रत्येक झांकी के साथ 5 वॉलेंटियर रहेंगे, जो झांकी समिति और पुलिस के बीच समन्वय में सहयोग करेंगे।

झांकियों के बीच निर्धारित दूरी बनाए रखी जाएगी, ताकि किसी एक स्थान पर झांकी रुकने से पूरा मार्ग बाधित न हो। विसर्जन स्थल तक झांकियों के सुरक्षित और सुचारु संचालन के लिए पुलिस बल भी साथ रहेगा।

गणेश पंडालों के साथ पुलिस का सीधा संपर्क बनाए रखने के लिए One Cop–One Pandal व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत प्रत्येक पंडाल से एक पुलिसकर्मी को जोड़ा गया है, जो पंडाल समिति से लगातार संपर्क में रहकर झांकी के प्रस्थान, वॉलेंटियर, मार्ग और अन्य आवश्यक समन्वय सुनिश्चित करेगा।

5 प्रमुख प्रवेश मार्गों पर यातायात नियंत्रण

पुराने शहर की संकरी सड़कों को देखते हुए यातायात व्यवस्था को अलग-अलग स्तरों पर नियंत्रित किया जाएगा। शहर के 5 प्रमुख प्रवेश मार्गों पर पुलिस और यातायात बल तैनात रहेगा। जरूरत के अनुसार पुराने शहर में प्रवेश से पहले यातायात को नियंत्रित और डायवर्ट किया जाएगा। निर्धारित स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। मुख्य झांकी मार्ग पर अनधिकृत पार्किंग और वाहनों के खड़े होने पर रोक रहेगी। एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन सेवाओं के लिए रास्ता सुरक्षित रखा जाएगा।

पुलिस ने गणेश विसर्जन के दौरान डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का संचालन सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों और लागू ध्वनि मानकों के अनुरूप करने की अपील की है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर डीजे संचालक और संबंधित आयोजकों के खिलाफ कोलाहल अधिनियम सहित अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

राजनांदगांव पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि विसर्जन के दौरान कीमती आभूषण, अधिक नकदी और अनावश्यक मूल्यवान सामान साथ न लाएं। मोबाइल और पर्स को सुरक्षित रखें तथा बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। अफवाहों पर ध्यान न देने और बिना सत्यापन के सोशल मीडिया पर कोई सूचना प्रसारित नहीं करने की अपील की गई है।

Hot Topics

Related Articles