मुंगेली जिला अस्पताल में ऑपरेशन के नाम पर 15 हजार मांगने का आरोप, सिविल सर्जन ने दिए जांच के आदेश

संदीप यादव मुंगेली। जिला चिकित्सालय मुंगेली एक बार फिर सुर्खियों में है। अस्पताल में मरीज के ऑपरेशन के नाम पर 15 हजार रुपये की कथित मांग का मामला सामने आया है। इसको लेकर चराभाटा निवासी लव सिंह ने सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपी है। शिकायतकर्ता ने कंप्यूटर ऑपरेटर देवेंद्र साहू पर पैसे मांगने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।

क्या है पूरा मामला?
शिकायत के मुताबिक 2 सितंबर 2026 को दोपहर 12 बजे लव सिंह अपनी पत्नी मोनिका सिंह को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान कंप्यूटर ऑपरेटर देवेंद्र साहू ने ऑपरेशन कराने के लिए 15 हजार रुपये की मांग की। पैसे न देने पर इलाज में परेशानी होने की बात भी कही गई।

शिकायत में आगे बताया गया है कि 4 सितंबर की सुबह 9 से 10 बजे के बीच मोबाइल नंबर 8103788800 से कॉल आया और पैसे जमा करने को कहा गया। उसी रात मरीज की तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने 102 एंबुलेंस की मदद ली।

रात में निजी अस्पताल ले जाने का आरोप
शिकायतकर्ता ने बताया कि रात करीब 1 से 2 बजे मरीज को तेज दर्द होने पर उन्होंने डॉक्टर आनंद मांझी से फोन पर संपर्क किया। आरोप है कि डॉक्टर ने मरीज को निजी अस्पताल लाइफलाइन ले जाने की बात कही। इसके बाद परिजन पूरी रात इलाज के लिए भटकते रहे।

इतना ही नहीं, 102 एंबुलेंस क्रमांक CG07CP2993 के चालक पर भी सवाल उठाए गए हैं। शिकायत के अनुसार एंबुलेंस चालक ने मरीज को मुंगेली के दो निजी अस्पतालों लाइफलाइन और परख में ले जाने का दबाव बनाया।

सिविल सर्जन बोले – जांच टीम गठित
मामले में सिविल सर्जन डॉ. राकेश से बात करने पर उन्होंने कहा कि शिकायत को गंभीरता से लिया गया है। पूरे मामले की जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है। जांच रिपोर्ट में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

अब सबकी निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा कि 15 हजार की मांग, रात में इलाज में लापरवाही और एंबुलेंस की भूमिका को लेकर लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।

Hot Topics

Related Articles